कोरोना से राजस्थान में विकट स्थिति पैदा हो रही हैं जहां आज आंकड़े भले ही कम आए हो लेकिन संक्रमण दर में बड़ा उछाल सामने आया हैं। आज प्रदेश में 9227 संक्रमित सामने आए हैं जो कि 20083 सैंपल में से सामने आए हैं। संक्रमण की दर 46 फीसदी है, जो कल के मुकाबले दोगुनी से भी ज्यादा है। जबकि बुधवार को 66000 सैंपल लिए गए थे। राजस्थान में राहत की बात ये है कि आज पूरे राज्य में 16087 मरीज रिकवर हुए हैं। इससे राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 90 हजार से घटकर 87268 पर आ गई।
यह हाल तब है कि जब एक दिन में 40 हजार सैंपल कम लिए गए। बुधवार को 66000 सैंपल लिए गए थे। बुधवार जितनी ही सैंपलिंग होती तो पॉजिटिव का आंकड़ा 30 हजार के पार पहुंच सकता था। वहीं, पिछले 24 घंटे के कोरोना से 20 लोगों की मौत हो गई। जयपुर में 8 मरीजों की मौत हो गई। झुंझुनूं में 2 और अलवर, भीलवाड़ा, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, करौली, कोटा, नागौर और सीकर में एक-एक मरीज की मौत हुई।गुरुवार को सबसे ज्यादा 2075 केस जयपुर में मिले। जयपुर के अलावा अलवर में 1192, गंगानगर 719, जोधपुर 641, भीलवाड़ा 437, डूंगरपुर 386, अजमेर 385 और उदयपुर में 332 केस मिले। राज्य में भले ही केस कम हो रहे हो, लेकिन संक्रमण की दर अब भी चिंताजनक है। सबसे ज्यादा 23473 एक्टिव केस जयपुर जिले में हैं। करौली, सिरोही, झालावाड़, जालौर, जैसलमेर, दौसा, चूरू, बूंदी और बारां ऐसे जिले हैं जहां एक्टिव केसों की संख्या 1000 से कम है।