बीकानेर : 15 लोगों ने गंवाई कोरोना के कारण अपनी जान, मिले 864 नए संक्रमित

कोरोना के पॉजिटिव केसों का आंकड़ा पिछले कई दिन से आठ सौ से एक हजार बीच अटका हुआ है। रविवार को 864 नए केस सामने आए हैं और 15 लोगों की मौत हुई है। इन्हें मिलाकर मौतों का आंकड़ा सौ के पार हो गया है। 3043 सैंपल की जांच में 864 नए केस रिपोर्ट हुए हैं। राहत की बात यह है कि चौबीस घंटे में पीबीएम कोविड एमसीएच हॉस्पिटल में भर्ती 794 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। कोरोना के एक्टिव केस 8919 हैं। इनमें से 8013 होम आइसोलेशन में हैं तथा 897 पीबीएम कोविड हॉस्पिटल सहित विभिन्न हॉस्पिटल में भर्ती हैं।

इस साल में अब तक 98238 सैंपल की जांच में 13981 पॉजिटिव केस आ चुके हैं। सरकारी रिपोर्ट में 105 मरीजों की मृत्यु होना बताया गया है। अब तक 5026 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। पॉजिटिव रेट 14.23% और क्योर रेट 35.95% हो गई है। सीएमएचओ के अनुसार माइक्रो कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़ाकर 257 कर दी गई है।

राजस्थान में कोरोना : हर घंटे जा रही 6 मरीजों की जान, 18298 नए मामले, 159 की मौत

कोरोना की दूसरी लहर अपने साथ आफत लेकर आई हैं जिसे सही समय पर नियंत्रित नहीं किया गया तो यह राजस्थान को तबाह कर देगी। बीते दिन रविवार को सोच से परे रिकॉर्ड 18298 नए मामले सामने आए और 159 की मौत हो गई। आलम यह हैं कि प्रदेश में हर घंटे 6 मरीजों की जान जा रही हैं। राजस्थान में अब तक 4558 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा माैतें राजधानी जयपुर और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह क्षेत्र जोधपुर में हो रही हैं। राहत की बात यह है कि प्रदेश में रिकवरी रेट बढ़कर करीब 69 प्रतिशत के पास पहुंच गई है। बीते दिन 11 हजार 262 लोग रिकवर हुए। यहां पिछले आठ दिनों में 72 हजार 730 लोग रिकवर हुए हैं। इनमें चार दिनों से रोजाना 10 हजार से ज्यादा लोग रिकवर हो रहे हैं। राजस्थान में अब तक 6.33 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। राजधानी जयपुर में सबसे ज्यादा हालत खराब है। यहां कोरोना महामारी के दौर में पिछले 14 माह में पहली बार 4 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित केस सामने आए।

आज से 'महामारी रेड अलर्ट जन अनुशासन पखवाड़ा' शुरू, लॉकडाउन की नई गाइडलाइन लागू

राजस्थान में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए गहलोत सरकार ने 3 मई से 17 मई 2021 तक 'महामारी रेड अलर्ट जन अनुशासन पखवाड़ा' घोषित किया है। उसकी गाइडलाइन आज सोमवार सुबह 5 बजे से प्रभावी हो गई है। गृह विभाग ने इसको लेकर 30 अप्रैल को नई गाइडलाइन जारी की थी। नई गाइडलाइन के अनुसार इस दौरान सभी कार्यस्थल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान एवं बाजार बंद रहेंगे। शादियों में 50 की जगह केवल 31 लोगों को ही अनुमति दी जाएगी। बैंड वालों की संख्या से अलग रखा है। शादी के लिए SDM को सूचना देने के साथ आने वाले मेहमानों की लिस्ट पहले देनी होगी। इस लिस्ट में शामिल लोगों के अलावा और कोई शादी में नहीं जा सकेगा। शादी में 31 से ज्यादा लोग होने पर 1 लाख जुर्माना लगेगा। SDM को बिना सूचना शादी समारोह करने पर 5 हजार जुर्माना लगेगा। शादी समारोह में केवल एक ही कार्यक्रम की अनुमति होगी, वह भी अधिकतम तीन घंटे में पूरा करना होगा।