ऑनलाइन ठगी के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। सरकार द्वारा समय-समय पर सावधानी रखने की बात कही जा रही हैं। लेकिन लालच में आकर या अनजाने में लोग अपनी बैंक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दूसरों को दे देते हैं और ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया अजमेर से जहां एक युवती ने खुद को बैंककर्मी बताकर 5 हजार रुपए बोनस देने का वादा किया और क्रेडिट कार्ड से 63 हजार रुपए की निकासी कर ली। अजमेर के पीड़ित युवक ने अलवर गेट थाने में ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर ने बताया कि अलवर गेट निवासी अंकित कुमार ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसे कुछ दिन पहले RBL बैंक का नया क्रेडिट कार्ड मिला और उसने लिफाफा खोला तक नहीं।
इस बीच स्वाति नाम की एक युवती का फोन आया और बताया कि उसे बैक की तरफ से पांच हजार का बोनस दिया जा रहा है। इसके लिए एक वैरीफिकेशन कोड भेजा है। अंकित ने जैसे ही कोड पर लिंक किया, उसके खाते से 63 हजार रुपए निकल गए। अंकित का कहना है कि न तो उसने कोई ओटीपी बताया और न ही कोई कार्ड नम्बर, इसके बावजूद भी निकासी हो गई। इसकी निकासी के बाद उसने जब स्वाति से सम्पर्क किया तो बताया गया कि बोनस के साथ पूरी राशि उनके खाते में आ जाएगी। तीन चार दिन तक यह राशि खाते में नहीं आई और वे झांसे देते रहे। इसके बाद अंकित ने थाने आकर रिपोर्ट दी और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।