राजस्थान : करवा चौथ के चलते 5 लाख महिलाओं को मिली पटवारी भर्ती में राहत, एक दिन पहले नजदीक के सेंटर पर होगी परीक्षा

आने वाली 23 और 24 अक्टूबर को राजस्थान में पटवारी भर्ती परीक्षा होनी हैं जिसमें लाखों अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें 5 लाख महिलाएं भी हैं। 24 अक्टूबर को करवा चौथ के चलते 5 लाख महिलाओं को पटवारी भर्ती में राहत दी गई हैं और एक दिन पहले ही 23 अक्टूबर को महिलाओं की परीक्षा हो जाएगी। हालांकि अलवर और धौलपुर में पंचायत चुनाव के कारण 23 अक्टूबर की बजाय 24 अक्टूबर को ही परीक्षा होगी। वहां महिला कैंडिडेट्स को घर के नजदीक के एग्जाम सेंटर अलॉट किए गए हैं।

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि 23 और 24 अक्टूबर को होने वाली पटवरी परीक्षा 2021 में लगभग 15 लाख 63 हजार से ज्यादा कैंडिडेट रजिस्टर्ड हैं। इसमें महिला अभ्यर्थियों की संख्या 5 लाख से ज्यादा है। प्रत्येक पारी में लगभग 4 लाख कैंडिडेट्स परीक्षा देंगे। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बनाए रखना और अनावश्यक भीड़भाड़ नहीं करना भी चुनौती है। 24 अक्टूबर को करवा चौथ होने के कारण यह फैसला लिया गया है कि 23 अक्टूबर को ही सभी महिला कैंडिडेट की परीक्षा आयोजित करवा दी जाएगी। ताकि 24 अक्टूबर को करवा चौथ का पर्व वो अपने घर-परिवार में मना सकें।