श्रीगंगानगर : घर में काम करने वाली नौकरानी ने ही डॉक्टर के घर से पार किए 40 लाख

श्रीगंगानगर के वृन्दा विहार क्षेत्र में डॉक्टर के घर चोरी का मामला सामने आया जिसमें डॉक्टर दंपत्ति के घर से 40 लाख की नकदी उड़ा ली गई। घटना 28 मार्च की बताई जा रही है। इसके बारे में जानकारी डॉक्टर पति-पत्नी को 29 मार्च की सुबह पता चली। जब दोनों अस्पताल जाने के लिए तैयार हो रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद तुरंत एक्टिव हुई पुलिस ने नौकरानी लक्ष्मी और उसके साथी कृष्ण पासवान को पकड़ लिया। कृष्ण पासवान भी डॉक्टर दंपती के घर से करीब आधा किलोमीटर दूर ही एक रेस्त्रां पर काम करता था। लक्ष्मी और कृष्णा एक दूसरे को काफी लंबे समय से जानते थे। वहीं, घटना के बाद से दोनों के फोन भी बंद आ रहे थे।

चोरी की घटना शहर के सीनियर डॉक्टर फिजिशियन महेश लालगढ़िया और डॉक्टर शवीत लालगढ़िया के घर की है। दोनों का वृन्दाविहार क्षेत्र में अस्पताल है। इसके पीछे ही घर है। दोनों 28 मार्च की रात अपने किसी परिचित के घर खाना खाने बाहर गए थे। रात करीब 2 बजे वापस लौटे। इसके बाद घर पर आकर सो गए। 29 मार्च की सुबह उठकर अस्पताल जाने के लिए तैयार होने लगे तो घर की नौकरानी लक्ष्मी गायब थी। डॉक्टर दंपती के अनुसार, लक्ष्मी उनके घर पर 2 साल से काम कर रही थी। पहले कभी बिना बताए घर से गायब नहीं हुई थी। इसलिए उन्हें शक हुआ। उन्होंने घर की अलमारियों की तलाशी ली तो नकद रखे 40 लाख रुपए गायब थे। इसके बाद पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी गई।