झुंझुनूं : हरियाणा से पिकअप में लाया गया 1720 लीटर सस्ता डीजल, दो तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

हरियाणा में राजस्थान से सस्ता डीजल मिल रहा हैं जिसका फायदा उठाकर तस्कर हरियाणा से राजस्थान में अवैध तरीके से डीजल लाकर बेच रहे है। ऐसी ही एक कारवाई पुलिस ने सिंघाना क्षेत्र में की और 1720 लीटर डीजल पकड़ा जो कि हरियाणा से पिकअप में राजस्थान लाया जा रहा था। यहां एक पिकअप में 8 ड्रमों में डीजल भरकर लाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से डीजल भरे ड्रम बरामद कर डीजल की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले बुधवार को सिंघाना पुलिस ने सिंघाना के मुख्य बाजार में एक दुकान से 150 डीजल व पट्रोल जब्त व दुकानदार को गिरफ्तार किया था।
खेतड़ी डीएसपी विजय कुमार ने बताया कि एसपी मनीष त्रिपाठी के निर्देश पर पेट्रोल डीजल तस्करों के खिलाफ अभियान चला रखा है। गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप में डीजल भरकर लाया जा रहा है। खेतड़ी डीएसपी विजय कुमार, सिंघाना थानाधिकारी संजय शर्मा, गाडाखेड़ा चौकी प्रभारी शेरसिंह फोगाट, सिंघाना पुलिस और डीएसटी की टीम ने गाडाखेड़ा टोल बूथ पर नाकाबंदी कर सिंघाना की तरफ आ रही पिकअप को रूकवा कर जांच की तो उसमें 8 ड्रमों में डीजल भरा हुआ मिला। जिस पर पुलिस ने ड्रमों में भरा 1720 लीटर डीजल जब्त कर पवेरा निजामपुर (हरियाणा) निवासी विक्की उर्फ शैलेस व गुमाना का बास गुढा गौड़जी निवासी विजेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में गाडाखेड़ा चौकी प्रभारी शेरसिंह फोगाट की अहम भूमिका रही।