नागौर : पोस्टमार्टम के बाद हुआ 11 मोरों की मौत का खुलासा, भोजन नली में अटके अनाज के दाने

बीते दिन गुरुवार को लाडनूं तहसील के हुडास गांव में 11 मोरों की मौत हो गई थी जिसका कारण बर्ड फ्लू का अंदेशा लगाया जा रहा हैं। लेकिन अब पोस्टमार्टम के बाद खुलासा हुआ कि भोजन नली में अनाज के जहरीले दाने अटकने से उनकी मौत हुई। मृत मोरों के पोस्टमार्टम के बाद पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने बर्ड फ्लू होने से इनकार किया है। वरिष्ठ पशु चिकित्सक हरकेश दानोदिया ने बताया की सभी मृत मोरों का पोस्टमार्टम करवा कर दफना दिया है।
डॉ दानोदिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मोरों की मौत जहरीले दाना खाने से होने प्रतीत हो रहा है। मोरों की भोजन नली में अनाज की दाने मिले थे। हमने इनका विसरा लेकर जांच के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा।ग्रामीणों ने बताया कि रोज की तरह ये मोर रात के समय पेड़ पर बैठते थे। गुरुवार सुबह सभी जमीन पर मृत पड़े मिले थे। गांव में एक साथ 11 मृत मोरों की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर लाडनूं वन विभाग के रेंजर राजूराम निठारवाल व पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। अधिकारियों के द्वारा मौका मुआयने के बाद सभी मृत मोरों को लाडनूं स्थित वन विभाग की पौधशाला लाया गया था जहां डा। हरकेश दानोदिया की टीम ने मृत मोरों का पोस्टमार्टम किया।