हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बावजूद शनिवार को शीतलहर जारी है। राज्य के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। शुक्रवार को ऊना और धर्मशाला का तापमान शिमला से भी कम दर्ज किया गया। धर्मशाला में न्यूनतम व अधिकतम तापमान नीचे गिर गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां आईएएनएस को बताया कि शिमला में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि शुक्रवार को यहां तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस था। मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को ऊना, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में घने कोहरे के बीच कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की थी। उत्तरी हिमालय से बर्फीली हवाएं चलने से लोगों की दिक्कतें बढ़ी हैं। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर से दो जनवरी तक प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है।
लाहौल एवं स्पीति जिले के केलॉन्ग और किन्नौर जिले के कल्पा में क्रमश: शून्य से 11.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज हुआ। चंबा जिले के डलहौजी में तापमान 5.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि मनाली में यह 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
धर्मशाला में रात का तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने कहा कि 30 दिसंबर तक दिन में धूप रहेगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। उसके बाद 31 दिसंबर से राज्य भर में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।