एक्वैरियम बढ़ाएगा आपके घर की सुंदरता, इन बातों का रखें खास ख्याल

आजकल घर को सजाने के लिए तरह-तरह की चीजों का प्रयोग किया जा रहा है। जैसे इन्डोर पौधे, स्टेच्यू, फ्लॉवर पॉट आदि। यह हमारे शौक पर निर्भर करता है कि हम अपने घर को किस तरह से सजाते हैं। आजकल कई बड़े दफ्तरों व घरों में सजावट के लिए फिश एक्वेरियम का प्रयोग किया जाता है। फिश एक्वेरियम में तैरती सुंदर रंग-बिरंगी मछलियाँ जहाँ हमारे मन को सुकून प्रदान करती है, वहीं हमारे घर को खूबसूरत भ‍ी बनाती है।यदि आप भी फिश एक्वेरियम को अपने घर में सजाना चाहते हैं तो इन बातों का विशेष खयाल रखें -

मछली के खान-पान का ध्यान रखें

यह न सोचें कि आप उसे अपने घर की शोभा बढ़ाने के लिए खरीद रहे हैं। क्योंकि एक्वेरियम खरीदते हुए आपकी जिम्मेदारी मछलियों के प्रति भी बढ़ जाती है। एक्वेरियम खरीदने वाले शख्स को मछली के खान-पान का भी अच्छी तरह ध्यान रखना चाहिए। साथ ही समय-समय पर उसका पानी भी बदलना चाहिए। क्योंकि ऐसी बातों पर कम ही लोग ध्यान देते हैं, इसलिए उनके एक्वेरियम की मछलियाँ मर जाती हैं।


जो लोग नॉनवेज खाते हैं, उन्हें अपने घर में एक्वेरियम नहीं रखना चाहिए

जो लोग नॉनवेज खाते हैं। खासतौर से जो लोग मछली खाते हैं उन्हें अपने घर में एक्वेरियम नहीं रखना चाहिए। क्योंकि यदि आप मछली खाते हैं तो उसके प्रति दया भावना आप में नहीं जागेगी। वह शख्स नहीं पहचान पाएगा कि कब एक्वेरियम वाली मछली को पीड़ा हो रही है, कब उसे क्या चाहिए?ऐसा कई बार देखने को मिला है कि मछली खाने वालों के घर में रखे एक्वेरियम अधिक दिन तक नहीं चल पाते।

आकार

एक्वेरियम इतना बड़ा हो कि उसमें मौजूद सभी मछलियाँ आसानी से तैर सके।फाइटर फिश को हमेशा दूसरी मछलियों से अलग रखें। इसके अलावा जो मछलियाँ जोड़े में रखी जाती है उन्हें जोड़े में ही रखें।एक्वेरियम का तापमान नियंत्रित रखें। तापमान को चेक करने के लिए आप एक्वेरियम में ही थर्मामीटर लगा सकते हैं।

ऑक्सीजन उपलब्धता

एक्वेरियम में पानी वाला फव्वारा लगाएँ। इससे मछलियों को अधिक ऑक्सीजन मिलती है। आप एक्वेरियम में कुछ जलीय पौधे जैसे हाइड्रिला, वैलेसनेरिया को भी लगा सकते हैं। ये पौधे एक्वेरियम की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ पानी में रहते हुए ऑक्सीजन भी छोड़ते हैं।