लॉकडाउन में कहीं आंखों पर तो नहीं दे रहे ज्यादा जोर, इन आहार से मिलेगा आराम

कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए और एहतियात बरतते हुए लॉकडाउन को 3 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया हैं। इस लॉकडाउन में लोग अपना समय मोबाइल और टीवी पर बिता रहे हैं और घंटों अपनी आंखें इसी में गडाए रहते हैं। इस वजह से आंखों को नुकसान हो सकता हैं और आंखों से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता हैं। इसलिए आज इस कड़ी में हम आपके लिए कुछ ऐसे आहार लेकर आए हैं जिनकी मदद से आंखों को आराम मिलेगा। तो आइये जानते हैं इन आहार के बारे में।

आम

गर्मियां आ गई हैं और आम का सीजन भी शुरू होने वाला है। ज्यादातर लोगों को आम खाना बेहद पसंद होता है। आपको बता दें कि आम आंखों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। आम में बीटा कैरोटीन होता है जो कि एक ऐसा तत्व है जो फ्री रेडिकल्स से होने वाले डैमेज को रोकता है और आंखों की कोशिकाओं की रक्षा करता है। आम खाने से मोतियाबिंद होने का भी खतरा कम होता है। आम में एंटी ऑक्सीडेंट्स, मिनरल्स और कई तरह के विटामिंस पाए जाते हैं।

काजू

काजू का सेवन भी आंखों के लिए बेहद फायदेमंद होता है। काजू में एक खास तरह का एंटी ऑक्सीडेंट होता है जिसे Zea Xanthin कहते हैं। यह एंटी ऑक्सीडेंट आंखों की रेटीना द्वारा सीधे अवशोषित किया जाता है और आंखों को कई प्रकार की बीमारियों से बचाता है। इसके अलावा आंखों की रोशनी को भी तेज करता है।

शकरकंद

शकरकंद यानी कि स्वीट पोटैटो आंखों के लिए बहुत अच्छा होता है। इसमें विटामिन ए और बीटा कैरोटीन दोनों ही तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा शकरकंद में Anthocyanin नामक एक एंटी ऑक्सीडेंट भी पाया जाता है जो आंखों को सामान्य संक्रमण और सूजन से बचाता है।

परवल

परवल एक ऐसी सब्जी है जो लगभग हर मौसम या सीजन में मिल जाती है। परवल में ढेर सारे पोषक तत्व होते हैं जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ आंखों की रोशनी के लिए भी बहुत अच्छे होते हैं। परवल का सेवन करने से न केवल आंखों की रोशनी तेज बनी रहती है बल्कि कोलेस्ट्रॉल भी कम होता है। वहीं ये खून को साफ करता है और कब्ज की परेशानी को दूर करता है।

करेला

ज्यादातर लोगों को कड़वाहट की वजह से करेला बिलकुल पसंद नहीं होता लेकिन आपको बता दें कि करेला हेल्थ के लिए बहुत अच्छा होता है। यह न सिर्फ इम्यूनिटी को बढ़ाता है बल्कि आंखों की रोशनी को भी तेज करता है। करेला शरीर की बड़ी से बड़ी बीमारियों में फायदेमंद माना जाता है। ये शरीर को डिटॉक्सिफाई करने का भी काम करता है।