चाहते हैं शरीर को मिले फल-सब्जियों के सभी पोषक तत्व, जानें इन्हें कच्चा खाएं या पकाकर

शरीर की अच्छी सेहत बनाए रखने के लिए संतुलित आहार ग्रहण किया जाता हैं और इसके लिए पोषक तत्वों से भरपूर फल और सब्जियों का सेवन किया जाता हैं। लेकिन इसके लिए यह जानना जरूरी हैं कि इनका सेवन कैसे किया जाए ताकि आपके शरीर को फल-सब्जियों के सभी पोषक तत्व मिले। दरअसल, कुछ सब्जियों को उबालने, स्टीम करने या तेज आंच करने से उनके पोषक तत्वों में कमी आ जाती हैं। ऐसे में आज हम आपको इससे जुड़ी जानकारी देने जा रहे हैं कि किन फल-सब्जियों को कच्चा खाएं और किनको पकाकर। तो आइये जानते हैं इसके बारे में...


मशरूम को प्रेशर कुकर में पकाएं

मशरूम में कैलोरी बहुत कम होती है और ये फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर होता है। मशरूम को सलाद में कच्चा डालकर भी खाया जाता है। अगर आप मशरूम के ज्यादा पोषक तत्व लेना चाहते हैं तो इसे स्टीम या प्रेशर कुकर में पकाकर खाएं। मशरूम को जल्दी पकाने से इसमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट की मात्रा और बढ़ जाती है।

बाजार की जगह घर में बनाएं टोमेटो सॉस

ज्यादातर लोग पास्ता और कई चीजों में टोमेटो सॉस डालकर बनाते हैं। बाजार की टोमेटो सॉस की तुलना में घर में बना टोमेटो सॉस ज्यादा सेहतमंद होता है। ताजा टमाटर पकाने से इसमें मौजूद लाइकोपीन शरीर में पूरी तरह पहुंचते हैं। टमाटर में मौजूद प्राकृतिक लाइकोपीन दिल की बीमारियों और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचातें हैं।


गाजर को पका कर खाएं

गाजर में नेचुरल कैरोटीनॉयड पाया जाता है। ये आंखों को मजबूत करता है और शरीर को गंभीर बीमारियों से बचाती है। लाइकोपीन की तरह कैरोटीनॉयड भी पकने के बाद शरीर में आसानी से मिल जाता है। गाजर के ज्यादा पोषक तत्व लेने के लिए इसे भाप में पकाएं या हल्का भून कर खाएं।

ब्रोकली को स्टीम करें

अगर आपको ब्रोकली खाने में सख्त या बेस्वाद लगती है तो इसे भाप में पकाकर खाएं। उबालने या फ्राइ करके से ब्रोकली के पोषक तत्व खत्म हो जाते हैं। स्टीम में पकाने से ब्रोकली में मौजूद ग्लूकोसाइनोलेट जैसे स्वस्थ यौगिक बने रहते हैं। ग्लूकोसाइनोलेट शरीर को कैंसर जैसी कई गंभीर बीमारियों से बचाता है।

कच्चा लहसुन

लहसुन में सेलेनियम एंटीऑक्सिडेंट पाया जाता है जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है और शरीर को कई खतरनाक बीमारियों से दूर रखता है। कई लोग सब्जियों में लहसुन डालकर, इसे पका कर खाते हैं। अगर आप लहसुन से ज्यादा पोषक तत्व लेना चाहते हैं तो इसे कच्चा खाएं। कच्चा लहसुन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है।

ताजे फल

ताजे फलों में खूब सारा फाइबर पाया जाता है। ये कैलोरी में कम और विटामिन से भरपूर होते हैं। ब्लूबेरी, अंगूर और सेब जैसे कुछ फल टाइप 2 डायबिटीज की संभावना को कम करते हैं। फलों के जूस की तुलना में इन्हें साबुत खाना शरीर के लिए ज्यादा फायदेमंद होता है। बाजार में मिलने वाले जूस में फाइबर नहीं होता है, साथ ही इसमें खूब सारा चीनी मिला होता है जो सेहत के लिए नुकसानदायक है।

शकरकंद को बेक करें

शकरकंद फाइबर, विटामिन A, C, कैल्शियम और मैग्नीशियम से भरपूर होते हैं जो हड्डियों को मजबूत और सेहतमंद बनाते हैं। अगर आपको ये सारे पोषक तत्व इसी मात्रा में चाहिए तो इसे बेक करके और छिलके के साथ खाएं। इसमें मक्खन डालने से बचें।