मोहनलाल और शाहरुख का नेशनल अवॉर्ड्स पर ‘आईकॉनिक’ मिलन, रानी मुखर्जी ने साझा किया खूबसूरत पल

नई दिल्ली में आयोजित 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में भारतीय सिनेमा के तीन दिग्गज सितारों — शाहरुख खान, मोहनलाल और रानी मुखर्जी — का मिलन एक ऐसा पल बन गया जिसे सोशल मीडिया पर फैंस ने ‘आईकॉनिक’ करार दिया है। जब ये तीनों सितारे एक ही फ्रेम में नज़र आए, तो वह दृश्य सिनेप्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं था।

कार्यक्रम के बाद जैसे ही इनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर आईं, खासकर शाहरुख और मोहनलाल के गले मिलने की तस्वीर, इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई। एक तस्वीर में शाहरुख और मोहनलाल एक-दूसरे का गर्मजोशी से स्वागत करते नज़र आए, वहीं पास में खड़ी रानी मुखर्जी यह दृश्य मुस्कराते हुए देख रही थीं। एक और तस्वीर में शाहरुख और मोहनलाल को आपसी बातचीत करते हुए बेहद आत्मीय अंदाज़ में देखा जा सकता है।

इस पल ने फैंस को झकझोर कर रख दिया। किसी ने इसे When Legends Cross Paths लिखा तो किसी ने कहा, Legendary meet-up of the kings from their respective industries. फैंस के लिए यह दृश्य सिर्फ एक तस्वीर नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की दो महान धाराओं — बॉलीवुड और मलयालम इंडस्ट्री — के बीच की दोस्ती, सम्मान और एकजुटता का प्रतीक बन गया।
इस समारोह में तीनों कलाकारों को सम्मानित किया गया। शाहरुख खान को एटली की फिल्म 'जवान' में शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला, जो उनके करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है। उन्होंने यह पुरस्कार विक्रांत मैसी के साथ साझा किया, जिन्होंने फिल्म ‘12वीं फेल’ में गहरी भूमिका निभाई।

रानी मुखर्जी को 'मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे' में उनके सशक्त और भावनात्मक प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। वहीं मलयालम सिनेमा के लीजेंड मोहनलाल को उनके चार दशकों से अधिक लंबे शानदार करियर और 400 से ज्यादा फिल्मों में योगदान के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से नवाज़ा गया।

मोहनलाल भले ही मुख्य रूप से मलयालम सिनेमा से जुड़े रहे हों, लेकिन उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी काम करके खुद को एक पैन-इंडिया कलाकार के रूप में स्थापित किया है। वहीं शाहरुख और रानी ने साथ में बॉलीवुड को 'कुछ कुछ होता है', 'कभी खुशी कभी ग़म', 'चलते चलते', 'वीर-ज़ारा' और 'कभी अलविदा न कहना' जैसी यादगार फिल्में दी हैं, और पर्दे पर इनकी केमिस्ट्री हमेशा दर्शकों की पसंद बनी रही है।

इस ख़ास दिन पर इन तीनों कलाकारों का मिलना भारतीय सिनेमा के लिए न केवल एक खूबसूरत याद बन गया है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कला के मंच पर भाषा, क्षेत्र या शैली कोई मायने नहीं रखती — सिर्फ जुनून, प्रतिभा और सम्मान बोलता है।