टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री रुबीना दिलैक ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक भावुक अनुभव साझा किया है, जिसने उनके फैंस को चौंका दिया। ‘छोटी बहू’ और ‘शक्ति: अस्तित्व के एहसास की’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों से पहचान बनाने वाली रुबीना ने इस बार अपने रिश्तों और खासतौर पर दोस्तों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे प्रेग्नेंसी के दौरान कुछ ऐसे लोग, जो खुद को करीबी बताते थे, मुश्किल समय में उनके साथ नहीं खड़े रहे।
रुबीना दिलैक की शादी अभिनव शुक्ला से हुई है और दोनों की दो जुड़वां बेटियां—जीवा और एधा—हैं। हाल ही में एक बातचीत के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि मां बनने से पहले का दौर उनके लिए सिर्फ शारीरिक ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी काफी चुनौतीपूर्ण रहा। इसी दौरान उन्हें अपने रिश्तों की असलियत समझ आई और उन्होंने कुछ तथाकथित दोस्तों से दूरी बनाने का फैसला लिया।
प्रेग्नेंसी के दौरान बदले रिश्तों के मायनेअपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में, जहां उनकी बातचीत जन्नत जुबैर के साथ नजर आई, रुबीना ने उस दौर को याद किया जब वह अपनी जुड़वां बेटियों के जन्म का इंतजार कर रही थीं। सितंबर 2023 में उन्होंने और अभिनव ने मिलकर अपने माता-पिता बनने की खुशखबरी साझा की थी। लेकिन इस खुशी के साथ-साथ उन्हें कुछ रिश्तों की सच्चाई का भी सामना करना पड़ा।
रुबीना ने बताया कि प्रेग्नेंसी उनके जीवन में एक बड़ा मोड़ साबित हुई। इस दौरान उन्होंने महसूस किया कि कुछ लोग सिर्फ दिखावे के लिए उनके साथ थे। ऐसे में उन्होंने बिना किसी सफाई के उनसे दूरी बना ली, क्योंकि उन्हें एहसास हो गया था कि ये रिश्ते सच्चे नहीं हैं।
मुश्किल वक्त में नहीं मिला साथअभिनेत्री ने खुलकर कहा कि जिन दोस्तों ने हमेशा साथ देने का वादा किया था, वही लोग उस वक्त गायब हो गए जब उन्हें सबसे ज्यादा जरूरत थी। उन्होंने कहा, “मैं पूरी ईमानदारी से कहूंगी कि कुछ लोग मेरे अच्छे और बुरे वक्त में साथ होने का दावा करते थे, लेकिन जब मैं प्रेग्नेंट थी, तब वे कहीं नजर नहीं आए। उसी पल मैंने तय कर लिया कि अब इन रिश्तों को खत्म करना ही बेहतर है।”
रुबीना ने आगे बताया कि मां बनने के बाद भी उन्हें भावनात्मक उतार-चढ़ाव से गुजरना पड़ा। कई बार वह पूरी रात रोती रहती थीं और अंदर ही अंदर संघर्ष कर रही थीं। हालांकि इस कठिन समय में उनके पति अभिनव शुक्ला ने उनका पूरा साथ दिया और उन्हें संभाला।