ढिंचैक पूजा… यह नाम अब इंटरनेट की दुनिया में किसी पहचान का मोहताज नहीं है। इन्हें अक्सर “क्रिंज पॉप क्वीन” भी कहा जाता है। इनके गानों की खासियत यही है कि इनमें न तो पारंपरिक सुरों की मिठास होती है और न ही लय का कोई तय ढांचा, बल्कि कई बार लिरिक्स भी बेहद अटपटे और बेतुके लगते हैं। इसी अनोखे और अलग अंदाज ने उन्हें सोशल मीडिया पर अचानक वायरल स्टार बना दिया। ढिंचैक पूजा का असली नाम पूजा जैन है। जब उनका पहला गाना सामने आया था तो लोग हैरान रह गए थे और इंटरनेट पर उन्हें खूब ट्रोल भी किया गया। हालांकि, आलोचनाओं के बावजूद उनके गानों की लोकप्रियता यूट्यूब पर लगातार बनी रही। यहां हम उनके 7 चर्चित और वायरल गानों की बात कर रहे हैं।
स्वैग वाली टोपीढिंचैक पूजा यानी पूजा जैन मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं और उन्होंने दिल्ली की इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। संगीत की कोई औपचारिक ट्रेनिंग न होने के बावजूद उन्होंने खुद से गाने बनाने की शुरुआत की। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके दोस्तों ने उनकी आवाज को अच्छा बताया, जिसके बाद उन्होंने बिना किसी प्रोफेशनल सपोर्ट के “स्वैग वाली टोपी” नाम का गाना लिखकर रिलीज कर दिया। यह गाना 2015 में सामने आया और यहीं से उनके म्यूजिक करियर की शुरुआत मानी जाती है। समय के साथ वह लगातार ऐसे ही अलग तरह के गाने बनाती रहीं। हालांकि, उनके इस पहले गाने को 2017 से अप्रैल 2026 तक करीब 11 हजार व्यूज ही मिल पाए।
सेल्फी मैंने ले ली आज
ढिंचैक पूजा का सबसे ज्यादा चर्चित और वायरल गाना “सेल्फी मैंने ले ली आज” माना जाता है। साल 2017 में जब यह रिलीज हुआ, उस समय सेल्फी का क्रेज अपने चरम पर था। पूजा ने इसी ट्रेंड को पकड़कर बेहद सरल और अलग अंदाज में यह गाना तैयार किया। इस गाने के बोल भले ही अर्थहीन माने जाते हों, लेकिन यह इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया। यूट्यूब पर इस गाने को अब तक 8 सालों में करीब 53 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं, जो इसे उनका सबसे सफल ट्रैक बनाता है।
दिलों का शूटर है मेरा स्कूटरइस गाने में ढिंचैक पूजा लाल रंग के स्कूटर पर नजर आती हैं और पूरे वीडियो में वह इसी पर घूमती दिखती हैं। इस गाने ने सोशल मीडिया पर खूब मीम्स और रील्स को जन्म दिया। इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई कि मशहूर गायक सोनू निगम ने भी इसकी ट्यून पर मजाकिया अंदाज में परफॉर्म किया था और इसे अलग स्टाइल में प्रस्तुत किया था। “दिलों का शूटर है मेरा स्कूटर” को अब तक यूट्यूब पर लगभग 22 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।
बापू दे दे थोड़ा कैशढिंचैक पूजा का यह गाना भी उनके उसी अनोखे अंदाज का हिस्सा है, जिसे कई लोगों ने अजीब या क्रिंज कहा। इसके बावजूद यह गाना इंटरनेट पर काफी देखा गया। “बापू दे दे थोड़ा कैश” को यूट्यूब पर अब तक करीब 8 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं और यह भी उनके वायरल ट्रैक्स की लिस्ट में शामिल है।
होगा ना कोरोनाकोरोना महामारी के समय ढिंचैक पूजा ने एक अलग तरह का गाना पेश किया, जिसका नाम था “होगा ना कोरोना”। इस गाने में उन्होंने लोगों को मोटिवेशन देने और कोरोना से लड़ने का संदेश देने की कोशिश की थी। यह ट्रैक भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा और इसे यूट्यूब पर लगभग 11 मिलियन व्यूज हासिल हुए।
नाच के पागल हो जाओयह गाना पूरी तरह से मस्ती और अजीबोगरीब स्टाइल का मिश्रण माना जाता है। “नाच के पागल हो जाओ” को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली, जहां कई यूजर्स ने कमेंट्स में इसे क्रिंज बताया। इसके बावजूद इस गाने ने यूट्यूब पर मजबूत पकड़ बनाई और इसे करीब 16 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।
मेरा नाम है ढिंचैक पूजासाल 2026 की शुरुआत में ढिंचैक पूजा ने एक और नया गाना रिलीज किया, जिसका टाइटल “मेरा नाम है ढिंचैक पूजा” रखा गया। यह गाना जनवरी में सामने आया था, लेकिन अब तक इसे बहुत कम प्रतिक्रिया मिली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गाने को केवल 813 व्यूज ही मिल पाए हैं। खास बात यह है कि इसमें कोई विजुअल प्रेजेंटेशन नहीं है और केवल ऑडियो के रूप में इसे रिलीज किया गया है।