रिलीज नहीं हुआ था लता मंगेशकर का पहला गाना, यह थी वजह

सुरों की मल्लिका लता मंगेशकर ने हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। मशहूर गायिका लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) का रविवार सुबह मुंबई में निधन हो गया। लता मंगेशकर को कोरोना संक्रमित होने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

6 महीने की उम्र में संगीत से प्यार

लता मंगेशकर के पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर पोर्च में बैठकर सारंगी बजा रहे थे, तभी उनकी नजर नन्ही लता पर गई। 6 महीने की वो बच्ची मुट्ठी भर मिट्टी अपने मुंह में डालने ही वाली थी। उन्होंने सारंगी उठाकर उसे प्यार से झिड़कना चाहा। लेकिन वे हैरान रह गए जब उस बच्ची ने सांरगी के तार को ठीक उसी तरह छेड़ दिया, जिस तरह वे बजा रहे थे। पिता नि:शब्द थे।

कम ही लोग जानते हैं कि सुरों की मल्लिका लता मंगेशकर ने 5 साल की छोटी उम्र से ही गाना शुरू कर दिया था। लेकिन जब लता मंगेशकर ने फिल्म इंडस्ट्री में एक प्लेबैक सिंगर के तौर पर एंट्री की तो उस समय उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया था, क्योंकि उस समय लता की आवाज को काफी पतला समझा गया था। लता मंगेशकर ने हजारों गाने गाए हैं। लेकिन उनका गाया पहला गाना (Naachu Yaa Gade, Khelu Saari Mani Haus Bhaari) कभी रिलीज नहीं हुआ। गाने को सदाशिवराव नेवरेकर ने मराठी फिल्म किट्टी हसल के लिए 1942 में कम्पोज किया था। गाना डब तो हुआ लता की आवाज में लेकिन फिल्म के फाइनल कट में उसे हटा दिया गया। इसलिए वो गाना कभी रिलीज नहीं हो सका।

इसके बाद लता मंगेशकर का जो गाना रिलीज हुआ वो था Natali Chaitraachi Navalaai जिसे दादा चंदेडकर ने बनाया था। ये गाना 1942 में आई मराठी फिल्म Pahili Mangalaa-gaur में लिया गया था। इस फिल्म में लता जी ने बतौर एक्टर छोटा सा रोल भी किया था।