'भूल भुलैया' वाला स्वैग लेकर लौटी अक्षय कुमार की टीम, कॉमेडी का तगड़ा डोज देगी 'भूत बंगला', टीजर में मिली झलक

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की मशहूर जोड़ी एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। लंबे अंतराल के बाद दोनों फिल्म ‘भूत बंगला’ के जरिए साथ लौट रहे हैं। करीब 14 साल बाद इस डायरेक्टर-एक्टर की जोड़ी बड़े पर्दे पर नजर आएगी। पहले भी इस जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार कॉमेडी फिल्में दी हैं, जिन्हें आज भी दर्शक बड़े चाव से देखते हैं। इसी वजह से ‘भूत बंगला’ को साल 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है।

बालाजी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म उन दर्शकों के लिए खास है जो अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की क्लासिक कॉमेडी फिल्मों के साथ बड़े हुए हैं। ‘भूत बंगला’ को लेकर कहा जा रहा है कि यह फिल्म बॉलीवुड के उस सुनहरे दौर की याद दिलाएगी, जब कॉमेडी फिल्मों का अलग ही जादू हुआ करता था। हालांकि इस बार फिल्म में आधुनिक दौर का ट्विस्ट भी देखने को मिलेगा। हाल ही में इसका टीजर जारी किया गया है, जिसमें फिल्म के मजेदार और रहस्यमयी माहौल की पहली झलक सामने आई है। कई दर्शकों को इसका अंदाज ‘भूल भुलैया’ की याद दिलाता नजर आया है।

कैसा है फिल्म का टीजर?

फिल्म के पोस्टर ने पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी थी और अब रिलीज हुआ इसका टीजर भी काफी चर्चा में है। टीजर के साथ फिल्म का कास्ट पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसमें इसकी डरावनी लेकिन मजेदार दुनिया की झलक दिखाई देती है। टीजर में कॉमेडी और सस्पेंस का अच्छा मिश्रण देखने को मिलता है।

इस छोटे से वीडियो में हल्की-फुल्की हॉरर झलक के साथ ढेर सारी कॉमिक टाइमिंग और मजेदार डायलॉग्स नजर आते हैं। फिलहाल मेकर्स ने डर के एलिमेंट्स को पूरी तरह उजागर नहीं किया है, लेकिन इतना जरूर है कि फिल्म का माहौल दर्शकों को उत्सुक कर देता है। इससे साफ है कि आने वाले समय में यह फिल्म एक शानदार हॉरर-कॉमेडी एंटरटेनर साबित हो सकती है।
टीजर में क्या दिखी कहानी की झलक?

टीजर की शुरुआत एक सुनसान और रहस्यमयी बंगले से होती है, जो रात के अंधेरे में दिखाई देता है। इसके बाद जंगल में भागते हुए कुछ लोगों के दृश्य सामने आते हैं। तभी असरानी की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह कहते हैं, “मालिक, मंगलपुर में कोई शादी नहीं करता... वधूसुर आ जाएगा।”

इसके बाद परेश रावल और राजपाल यादव हैरानी के साथ पूछते हैं कि आखिर यह वधूसुर कौन है। तभी अक्षय कुमार मजाकिया अंदाज में जवाब देते हैं, “तेरा फूफा… क्या तुझे वधूसुर के बारे में नहीं पता?” इस संवाद के बाद कहानी थोड़ी आगे बढ़ती है और दर्शकों को उस रहस्यमयी बंगले की दुनिया में ले जाती है।

टीजर में अक्षय कुमार महल में पहुंचकर काफी उत्साहित नजर आते हैं, जबकि उनके साथ मौजूद बाकी किरदार डर और घबराहट के माहौल में दिखाई देते हैं। इसी दौरान कई मजेदार घटनाएं घटती हैं, जो दर्शकों को हंसी से लोटपोट करने का वादा करती हैं।

फिल्म की स्टार कास्ट

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी दमदार स्टार कास्ट भी है। इसमें परेश रावल, असरानी और राजपाल यादव जैसे अनुभवी कलाकार नजर आने वाले हैं। इन कलाकारों की मौजूदगी फिल्म में पुरानी क्लासिक कॉमेडी फिल्मों वाली झलक को फिर से जिंदा कर देती है। टीजर में उनकी छोटी सी झलक ही दर्शकों को उनके पुराने यादगार किरदारों की याद दिला देती है।

‘भूत बंगला’ को बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड के डिवीजन बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स मिलकर प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है, जबकि इसके निर्माता अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता आर कपूर हैं। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और दर्शकों को एक बार फिर कॉमेडी और हॉरर का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा।