अस्पताल से सामने आया अनुराग डोभाल का पहला वीडियो, मैनेजर ने बताया- ICU में भर्ती हैं UK07 Rider

बिग बॉस 17 के पूर्व कंटेस्टेंट और मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल, जिन्हें सोशल मीडिया पर UK07 Rider के नाम से जाना जाता है, इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं। 7 मार्च को उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान एक खतरनाक ड्राइव के बाद आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद उनका एक्सीडेंट हो गया। फिलहाल उनका इलाज अस्पताल के ICU में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि अनुराग डोभाल इंस्टाग्राम पर लाइव रहते हुए गाजियाबाद के मसूरी इलाके में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर को करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से चला रहे थे। उन्होंने इस ड्राइव को अपनी “फाइनल ड्राइव” तक कहा था। हादसे के बाद उन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

अस्पताल से अनुराग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस घटना के बाद अब सोशल मीडिया पर अनुराग डोभाल का अस्पताल से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर दीपक कथूरिया ने अस्पताल से शेयर किया है।

वीडियो में अनुराग अस्पताल के बेड पर लेटे नजर आ रहे हैं, जबकि वीडियो बना रहा व्यक्ति उनका हाथ पकड़कर उनसे मुस्कुराने के लिए कहता दिखाई दे रहा है। अनुराग हल्की मुस्कान के साथ कैमरे की ओर देखते नजर आते हैं। वीडियो में यह भी सुनाई देता है कि कोई व्यक्ति कह रहा है, “दूसरा जन्म हो गया न, अनुराग भाई।”

यह वीडियो सामने आने के बाद उनके फैंस राहत महसूस कर रहे हैं और लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
मैनेजर ने जारी किया हेल्थ अपडेट

अनुराग डोभाल की तबीयत को लेकर उनके मैनेजर रोहित पांडे ने भी सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अनुराग फिलहाल अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और टीम की ओर से यही आधिकारिक जानकारी है।

रोहित पांडे ने फैंस से अपील की कि वे लगातार फोन या मैसेज कर जानकारी लेने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि जब भी कोई नई अपडेट होगी, वह सही समय पर साझा की जाएगी।

उन्होंने आगे लिखा कि अनुराग की सेहत या उनसे जुड़ी किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी केवल उनके अकाउंट के माध्यम से ही जारी की जाएगी। इसलिए लोगों से अनुरोध है कि किसी भी तरह की अफवाहों या अटकलों पर भरोसा न करें।

क्यों उठाया था ऐसा कदम?

अनुराग डोभाल के एक्सीडेंट की खबर सामने आने से कुछ दिन पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने परिवार को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि इंटर-कास्ट मैरिज को लेकर उनके परिवार की ओर से उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा था कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रहे हैं। लाइव सेशन के दौरान उन्होंने आत्महत्या के बारे में सोचने की बात भी कही थी और यह आरोप लगाया था कि अगर उनके साथ कुछ भी होता है तो इसके लिए उनका परिवार जिम्मेदार होगा।