आज से शुरू हुआ माघ का महीना, जानें इसमें पड़ने वाले व्रत-त्यौहार और किए जाने वाले उपाय

आज से 18 जनवरी 2022 से माघ का महीना शुरू हो चुका हैं जो कि हिन्दी कैलंडर के अनुसार ग्यारहवां महीना होता है। आध्यात्मिक दृष्टि से इस महीने का बहुत महत्व माना जाता हैं। पौराणिक कथा के अनुसार इस महीने में इन्द्रदेव ने गंगा स्नान किया था जिसकी बदौलत उन्हें गौतम ऋषि से मिले श्राप से मुक्ति मिली थी और इसके चलते इस महीने की अमावस्या और पूर्णिमा पर गंगा स्नान का बहुत महत्व माना जाता हैं। आज इस कड़ी में हम आपको इस महीने में पड़ने वाले व्रत-त्यौहार और किए जाने वाले उपायों की जानकारी देने जा रहे हैं जो आपके लिए शुभकारी साबित होंगे। तो आइये जानते हैं इसके बारे में...

माघ मास के व्रत-त्यौहार

21 जनवरी 2022, शुक्रवार- सकट चौथ, संकष्टी चतुर्थी
25 जनवरी 2022, मंगलवार- कालाष्टमी
28 जनवरी 2022, शुक्रवार- षटतिला एकादशी
30 जनवरी, 2022, रविवार- प्रदोष व्रत, मासिक शिवरात्रि
01 फरवरी 2022, मंगलवार- अमावस्या, भौमवती अमावस्या, मौनी अमावस्या
02 फरवरी 2022, बुधवार- चंद्र दर्शन, शिशिर रितु, माघ गुप्त नवरात्रि
04 फरवरी 2022, शुक्रवार- गणेश जयंती, चतुर्थी व्रत
05 फरवरी 2022, शनिवार- बसंत पंचमी
07 फरवरी 2022, सोमवार- रथ सप्तमी, सोमवार व्रत
08 फरवरी 2022, मंगलवार- भीष्म अष्टमी, दुर्गा अष्टमी व्रत
10 फरवरी 2022, गुरुवार- रोहिणी व्रत
12 फरवरी 2022, शनिवार- जया एकादशी
13 फरवरी 2022, रविवार- कुंभ संक्रांति
14 फरवरी 2022, सोमवार- प्रदोष व्रत, विश्वकर्मा जयंती
16 फरवरी 2022, बुधवार- पूर्णिमा व्रत, माघ स्नान अंत, पूर्णिमा, माघ पूर्णिमा, श्री सत्यनारायण व्रत

माघ मास में करें ये उपाय

सूर्य को अर्घ्य दें

माघ मास में रोज नदी में स्नान करने के बाद ऊँ सूर्याय नमः मंत्र का जाप करते हुए अर्घ्य अर्पित करें। सूर्य को जल चढ़ाने के बाद किसी मंदिर में शिवलिंग पर तांबे के लोटे से जल चढ़ाएं। बिल्व पत्र और धूतरा चढ़ाएं, चंदन का तिलक करें। मिठाई का भोग लगाएं। धूप-दीप जलाकर आरती करें।

भगवान कृष्ण का अभिषेक करें

माघ मास में भगवान विष्णु और भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक जरूर करें। इसके लिए दक्षिणावर्ती शंख में केसर मिश्रित दूध भरें और शंख से भगवान का अभिषेक करें। भगवान को पीले चमकीले वस्त्र चढ़ाएं। तुलसी के साथ दूध से बनी मिठाई का भोग लगाएं। पूजा में ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय और कृं कृष्णाय नम: मंत्र का जाप करें। धूप-दीप जलाकर आरती करें।

जरूरतमंदों को दान करें

माघ मास में जरूरतमंद लोगों को जूते-चप्पल, कंबल और अनाज का दान जरूर करें। यदि संभव हो तो गौशाला में हरी घास और गायों की देखभाल के लिए धन का दान करें।