पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को बढ़ती महंगाई को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध किया। गले में महंगाई का पोस्टर लगाकर मुख्यमंत्री ने ई-स्कूटी की सवारी की। उन्होंने कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटर की सवारी की। उन्होंने पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतें बढ़ने के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। ममता के इस ई-बाइक रैली में बड़ी संख्या में सचिवालय के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
बुधवार को ही ममता बनर्जी ने हुगली में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित बयान दिया था। उन्होंने मोदी को देश का सबसे बड़ा दंगाबाज कह दिया। ममता ने कहा कि जैसा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ हुआ, मोदी के साथ उससे भी बुरा होगा। हिंसा से कुछ हासिल नहीं हो सकता। ममता ने कहा कि बंगाल पर बंगाल का शासन होगा। गुजरात का बंगाल पर शासन नहीं होगा। मोदी बंगाल पर राज नहीं करेंगे। गुंडे बंगाल पर शासन नहीं करेंगे। ममता ने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी से CBI की पूछताछ पर कहा कि यह बंगाल की महिलाओं का अपमान है।