
जालोरी गेट के पास एक दुकान से तेल का टिन चोरी करने वाले बदमाश की तलाश में जुटी खांडा फलसा पुलिस की टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया, तो उससे बाइक चोरी की दो वारदातों का भी खुलासा हुआ। एसीपी (सेंट्रल) देरावरसिंह सोढ़ा ने बताया कि बलदेव नगर निवासी प्रेमसुख की ओर से खांडा फलसा थाने में रिपोर्ट दी गई थी।
इसमें बताया कि किसी ने उनकी दुकान के गोदाम से तेल का टिन चोरी कर लिया। इस केस की जांच के लिए खांडा फलसा थानाधिकारी दिनेश लखावत की अगुवाई में हैड कांस्टेबल भंवरलाल, कांस्टेबल बनवारीलाल, राजाराम, रेवतराम व सुरेश की टीम गठित की गई।
टीम ने माधोबाग वाल्मीकि बस्ती निवासी मिथुन वाल्मीकि पुत्र शेरू उर्फ सायर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने तेल का टिन चोरी करने के अलावा बाइक चोरी की दो वारदातें भी स्वीकार की। बाद में पुलिस ने इसकी निशानदेही पर तेल का टिन व चुराई गई बाइक भी बरामद कर ली।














