
उदयपुर पुलिस द्वारा शुरू किए गए अभियान ऑपरेशन क्लीन के तहत गुरुवार को पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब नष्ट की। उदयपुर की थानरवा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र के जंगल में पिछले लंबे समय से अवैध शराब बनाने का कारोबार चल रहा है। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छालीबोकडा के जंगलों से 100 लीटर अवैध हथकढ़ शराब जब्त कर 1000 लीटर वाश नष्ट किया। वहीं पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलते ही मौके से अवैध शराब निर्माता रमेश मौके से फरार हो गया। जिसके खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि पुलिस ने इससे पहले भी अवैध शराब के खिलाफ उदयपुर के ग्रामीण इलाकों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। बावजूद इसके जिले में अवैध शराब का गोरख धंधा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। ऐसे में अब देखना होगा उदयपुर पुलिस अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाती है।














