
हिंडौन में शनिवार रात चोरी को कोशिश में नाकाम रहे चोरों ने दो एटीएम में आग लगा दी। लेकिन, गनीमत रही कि मशीन में रखे कैश को कोई नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद पहुंची पुलिस और बैंक अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। पुलिस अब इंजीनियरों को बुलाकर सीसीटीवी फुटेज निकालने की कोशिश कर रही है। मामला मोहन नगर जैन मंदिर के पास पीएनबी बैक एटीएम और दिलसुख की टाल के पास निजी कंपनी हिताची के एटीएम का है।
शहर में करीब 20 बैंकों की शाखाएं हैं। इन बैंकों के अलावा कई निजी कंपनियों सहित करीब 25 से अधिक एटीएम मशीन लगी हैं, लेकिन एक-दो को छोड़ दें तो अधिकतर एटीएम पर सुरक्षा गार्ड नहीं हैं। कई बैंक प्रबंधकों से बात की गई तो उनका कहना है कि बैंक प्रबंधन की ओर से कुछ महीने पहले सुरक्षा गार्ड हटाकर किसी कंपनी को ऑनलाइन निगरानी की जिम्मेदारी दे दी गई है।
पीएनबी के ब्रांच मैनेजर बृजलाल मीना ने बताया कि उनकी हिंडौन में 6 बैंक शाखाएं हैं। बैंक शाखाओं के पास एटीएम संचालित हैं। इसके अलावा तीन एटीएम बैंकों से दूर संचालित हैं। बैंकों में पैसा डालने का काम तो बैंक प्रबंधन की ओर से किया जाता है, जबकि बाहर के तीन एटीएम पर पैसा डालने का काम किसी एजेंसी को दिया हुआ है। यही नहीं 9 एटीएम मशीनों पर पूर्व में सुरक्षा गार्ड कार्यरत थे, लेकिन करीब दो महीने पहले ही उन्हें हटा दिया था।
डीएसपी ने कहा- जल्द बदमाशों तक पहुंचेंगे
डीएसपी किशोरीलाल का कहना रहा कि बैंक प्रबंधकों को एटीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए पाबंद किया जाएगा। इसके अलावा जिन दो एटीएम मशीनों को आग लगाकर नकदी निकालने का प्रयास किया गया है, उनके सीसीटीवी फुटेज लेकर बदमाशों तक जल्द ही पहुंचा जाएगा।














