
चोरों ने थाने से सिर्फ 150 मीटर दूर गोदाम का ताला तोड़कर पुलिस को खुला चैलेंज दे दिया। नयाशहर थाने के सामने गोदाम से भारी-भरकम अालमारी उठाकर सड़क तक ले आए, लेकिन किसी पुलिस वाले ने नहीं देखा। आहट होने से बदमाश आलमारी को बीच सड़क पर छोड़कर भाग गए। काफी देर बाद पुलिस को इसकी भनक लगी। हालांकि चोर कोई सामान नहीं ले गए, लेकिन पुलिस की चौकसी पर बट्टा जरूर लगा गए।
दरअसल नत्थूसरबास निवासी मालचंद ओझा का नयाशहर थाने के सामने वाली राेड पर अनाज गाेदाम है। रविवार रात करीब तीन बजे चाेराें ने गाेदाम का ताला ताेड़ा और भीतर घुस गए। गाेदाम खंगाला लेकिन कुछ खास नहीं मिला तो चोर वहां रखी आलमारी ले जाने लगे। उसे उठाकर बाहर सड़क तक ले आए।
इस दाैरान किसी के आने की आहट हाेने पर बदमाश बीच सड़क पर ही आलमारी छाेड़कर फरार हाे गए। जानकारी मिलने पर नयाशहर पुलिस पहुंची और छानबीन की। पुलिस काे माैके से दाे लाेगाें के फुट प्रिंट मिले हैं। पुलिस के मुताबिक चाेरी नहीं हाेने की वजह से ओझा ने मुकदमा नहीं दर्ज करवाया है।














