राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में बुधवार को एक ही परिवार के 5 लोगों के शव मिले हैं। यह घटना कुशलगढ़ के डूंगलापानी गांव की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि बच्चों की हत्या किसी तार जैसी चीज से गला घोंटकर की गई है। मौके से सुसाइड नोट नहीं मिलने के चलते शुरुआती जांच के आधार पर यही आशंका जताई जा रही है कि बाबूलाल ने बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगा ली।
इनके मिले शवगांव के बाबूलाल (40) का शव सुबह 7:30 बजे घर के सामने पेड़ से लटका मिला। लोगों ने घर के अंदर जाकर देखा तो बाबूलाल के चारों बेटों राकेश (8), मांगीलाल (6), विक्रम (4) और गणेश (2) की लाश पड़ी थी।
बाबूलाल की पत्नी अभी गुजरात में मजदूरी कर रही है। पुलिस ने उसे जांच के सिलसिले में गांव बुलाया है, उससे पूछताछ के बाद कुछ अहम सुराग मिल सकते हैं। गांव के लोगों का कहना है कि बाबूलाल को शराब की लत थी। इस वजह से पति-पत्नी के बीच झगड़े होते रहते थे। बाबूलाल पत्नी से मारपीट करता था। कुछ दिन पहले उसने पत्नी को घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह कुछ दिन अपने मायके में रही, फिर मजदूरी करने गुजरात चली गई।
गांव के सरपंच पारसिंह ने बताया कि बाबूलाल के पिता का निधन हो चुका है। मां पहले बाबूलाल के साथ ही रहती थीं, लेकिन उसकी मारपीट से तंग आकर रिश्तेदारों के पास रहने चली गईं। सरपंच का कहना है कि बाबूलाल के परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं थी, न ही किसी से कोई विवाद था।