कोरोना पर PM मोदी का 12 मिनट का संदेश, कहा - जब तक दवाई नहीं, ढिलाई नहीं

By: Pinki Tue, 20 Oct 2020 6:35:09

कोरोना पर PM मोदी का 12 मिनट का संदेश, कहा - जब तक दवाई नहीं, ढिलाई नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) राष्ट्र को संबोधित कर रहे हैं। इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'आज शाम छह बजे राष्ट्र के नाम संदेश दूंगा। आप जरूर जुड़ें।' कोरोना संकट के बीच पीएम मोदी आज सातवीं बार राष्‍ट्र को संबोधित कर रहे हैं। 19 मार्च को प्रधानमंत्री ने जनता कर्फ्यू की अपील की थी। इसके बाद 24 मार्च को राष्‍ट्र के नाम संबोधन में उन्‍होंने 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान किया था।

पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना के खिलाफ जनता कर्फ्यू से लेकर आज तक हम सभी भारतीयों ने एक बहुत लंबा सफर तय किया है। समय के साथ आर्थिक गतिविधियों में भी धीरे-धीरे तेजी नजर आ रही है। हम में से अधिकांश लोग, अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए, फिर से जीवन को गति देने के लिए, रोज घरों से बाहर निकल रहे हैं। त्योहारों के इस मौसम में बाजारों में भी रौनक धीरे-धीरे लौट रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि हमें ये भूलना नहीं है कि लॉकडाउन भले चला गया हो, वायरस नहीं गया है। बीते 7-8 महीनों में, प्रत्येक भारतीय के प्रयास से, भारत आज जिस संभली हुई स्थिति में हैं, हमें उसे बिगड़ने नहीं देना है और अधिक सुधार करना है। आज देश में रिकवरी रेट अच्छी है। दुनिया के साधन-संपन्न देशों की तुलना में भारत अपने ज्यादा से ज्यादा नागरिकों का जीवन बचाने में सफल हो रहा है। कोविड महामारी के खिलाफ लड़ाई में टेस्ट की बढ़ती संख्या हमारी एक बड़ी ताकत रही है। सेवा परमो धर्म: के मंत्र पर चलते हुए हमारे डॉक्टर्स, नर्स इतनी बड़ी आबादी की निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं। इन सभी प्रयासों के बीच, ये समय लापरवाह होने का नहीं है। ये समय ये मान लेने का नहीं है कि कोरोना चला गया, या फिर अब कोरोना से कोई खतरा नहीं है।

पीएम मोदी ने ने कहा- आज देश में फैटेलिटी रेट कम है, रिकवरी रेट ज्यादा है। अमेरिका और ब्राजील जैसे देशों में 10 लाख लोगों में संक्रमितों का आंकड़ा 25 हजार के पास है। भारत में 10 लाख लोगों में मृत्यु दर 83 है। अमेरिका, ब्राजील, ब्रिटेन जैसे देशों में ये आँकड़ा 600 के पार है। साधन-संपन्न देशों की तुलना में भारत अपने ज्यादा से ज्यादा नागरिकों की जान बचाने में सफल रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कई लोगों ने अब सावधानी बरतना बंद कर दिया है। ये ठीक नहीं है। अगर आप लापरवाही बरत रहे हैं, बिना मास्क के बाहर निकल रहे हैं, तो आप अपने आप को, अपने परिवार को, अपने परिवार के बच्चों को, बुजुर्गों को उतने ही बड़े संकट में डाल रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा गलती और बीमारी को कभी छोटा नहीं समझना चाहिए। एक कठिन समय से निकलकर हम आगे बढ़ रहे हैं। थोड़ी सी लापरवाही हमारी खुशियों को रोक सकती है। दो गज की दूरी, समय समय से साबुन से हाथ धुलना और मास्‍क लगाना इसका ध्‍यान रखिए। आपको मैं सुरक्षित देखना चाहता हूं। त्‍योहार आपके जीवन में उत्‍साह और उमंग भरे ये आशा करता हूं।

पीएम मोदी ने कहा देश में कोरोना मरीजों के लिए 90 लाख से ज्यादा बेड्स उपलब्ध हैं। 12 हजार क्वारैंटाइन सेंटर्स हैं। कोरोना टेस्टिंग की 2 हजार लैब काम कर रही हैं। देश में टेस्ट की संख्या जल्द ही 10 करोड़ के आंकड़े को पार कर जाएगी। कोविड महामारी के खिलाफ लड़ाई में टेस्ट की बढ़ती संख्या हमारी बड़ी ताकत रही है।

पीएम मोदी ने कहा- अमेरिका हो या फिर यूरोप के दूसरे देश में जहां कोरोना के मामले कम हो रहे थे, पर अचानक से बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। साथियों संत कबीर दास ने कहा है कि पकी खेती देखि के गर्व किया किसान, अजहूं झोला बहुत है, घर आवे तब जान। अर्थात कई बार हम पकी हुई फसल देखकर अतिआत्मविश्वास से भर जाते हैं। लेकिन, फसल घर ना आ जाए तब तक काम पूरा नहीं मानना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि तेज गति से आगे बढिए और हम सब मिलकर देश को आगे बढ़ाए। इन्‍हीं शब्‍दों के साथ नवरात्रि, दशहरा, ईद, दीपावली, छठ पूजा और गुरुनानक जयंति समेत सभी त्‍योहारों की सभी देशवासियों को बहुत बहुत बधाई, हार्दिक शुभकामनाएं। धन्‍यवाद

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com