
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सिवनी में कुश्ती (Wrestling) लड़ते हुए एक पहलवान की मौत हो गई। ये घटना कुरई ब्लॉक के बेलटोला गांव की है जहां हर साल दंगल का आयोजन किया जाता है। बताया जा रहा है कि दंगल में हिस्सा लेने के लिए 19 साल का सोनू यादव नाम का पहलवान भी पहुंचा था। सोनू ने अपनी शुरूआती तीन फाइट जीत भी ली थी और चौथी फाइट में चार प्वाइंट लेने के बाद फाइट के दौरान ही नीचे की ओर गिरा और फिर उठा नहीं। इसके बाद लोग पहलवान को जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिवनी जिला अस्पताल के डॉ अभय सोनी ने बताया कि , पहलवान सोनू जब अस्पताल आए तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनका पोस्टमार्टम किया गया है। रिपोर्ट की जांच के बाद ही मौत की वजह सामने आ पाएगी।
कुरई के थाना प्रभारी गनपत सिंह उइके ने रविवार को बताया कि बेलटोला गांव में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में भोमाटोला गांव निवासी पहलवान सोनू यादव (19) शनिवार रात करीब आठ बजे कुश्ती लड़ रहा था। इसी दौरान उसकी सांस फूल गई और वह अखाड़े में ही बेहोश हो गया। उन्होंने कहा कि उसे तुरंत सिवनी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उइके ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में रेफरी व आयोजकों की लापरवाही पाई जाती है तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उइके ने बताया कि रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस घटना के बाद दंगल कमेटी के लोग और प्रशंसक सकते में हैं। जिला दंगल कमेटी के अध्यक्ष अल्ताफ खान ने बताया कि कुश्ती लड़ते हुए ये घटना हुई है, इसके पहले भी सोनु पहलवान ने तीन कुश्ती लड़ी थी और 60-70 किलो वेट में वो चौथी कुश्ती लड़ रहा था। उसने चार प्वाइंट भी लिए थे तभी वह अचानक नीचे बैठा और फिर उठा नहीं। उसे अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है।














