Independence Day 2020 / पीएम मोदी ने कहा- कोरोना के बीच 130 करोड़ लोगों ने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया है, हम यह करके रहेंगे

By: Pinki Sat, 15 Aug 2020 09:12:24

Independence Day 2020 / पीएम मोदी ने कहा- कोरोना के बीच 130 करोड़ लोगों ने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया है, हम यह करके रहेंगे

कोरोना काल में देश आज 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लाल किले पर 74वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया। प्रधानमंत्री मोदी ने तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना के इस असाधारण समय में, सेवा परमो धर्म: की भावना के साथ, अपने जीवन की परवाह किए बिना हमारे डॉक्टर्स, नर्से, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस कर्मी, सफाई कर्मचारी, पुलिसकर्मी, सेवाकर्मी, अनेक लोग, चौबीसों घंटे लगातार काम कर रहे हैं। पीएम ने कहा कि आजादी के इस पावन पर्व की सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। आज जो हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे मां भारती के लाखों बेटे-बेटियों का त्याग-बलिदान और समर्पण है। आज आजादी के वीरों, रणबांकुरों का नमन करने का पर्व है। हमारी सेना-अर्धसैनिक बलों के जवान, पुलिस के जवान, सुरक्षाबलों से जुड़े हर कोई, मां भारती की रक्षा में जुटे रहते हैं। आज उनकी सेवा को भी नमन करने का पर्व है। अरविंद घोष की आज जयंती है। क्रांतिकारी से आध्यात्मिक ऋषि बने। आज उन्हें भी याद करने का दिन है। कोरोना के चलते आज बच्चे नजर नहीं आ रहे। कोरोना के संकट में मैं कोरोना वॉरियर्स को नमन करता हूं।

पीएम ने कहा कि आजादी का पर्व हमारे लिए आजादी के वीरों को याद करके नए संकल्पों की ऊर्जा का एक अवसर होता है। ये हमारे लिए नई उमंग, उत्साह और प्रेरणा लेकर आता है। अगला आजादी का पर्व जब हम मनाएंगे, तो आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश करेंगे, तो ये हमारे लिए बहुत बड़ा अवसर है। गुलामी का कोई कालखंड ऐसा नहीं था, जब हिंदुस्तान में किसी कोने में आजादी के लिए प्रयास नहीं हुआ हो, प्राण-अर्पण नहीं हुआ हो। एक प्रकार से जवानी जेलों में खपा दी। ऐसे वीरों को हम नमन करते हैं।

पीएम ने कहा कि हम ये भी जानते हैं कि वो कालखंड था कि विस्तारवाद की सोच वालों ने जहां भी फैल सके, वहां फैलने का प्रयास किया, अपने झंडे गाड़ने की कोशिश की, लेकिन भारत की आजादी का आंदोलन दुनिया के अंदर भी प्रेरणा का पुंज बन गया, दिव्य स्पंद बन गया और दुनिया में भी आजादी की ललक जली।

उन्होंने कहा, 'जो विस्तारवाद की अंधी दौड़ में लगे थे, उन्होंने अपने विस्तारवाद के मंसूबों को पूरा करने के लिए दुनिया को दो-दो विश्व युद्ध में झोंक दिया। दुनिया को तबाह कर दिया। भारत विस्तारवाद के लिए चुनौती बना है। अब कोरोना के बीच 130 करोड़ लोगों ने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया है। हम यह करके रहेंगे। दुनिया के अनेक बिजनेस भारत को दुनिया के सप्लाई चेन को देख रहे हैं। हमें मेक इन इंडिया के साथ-साथ मेक फॉर वर्ल्ड को लेकर आगे बढ़ना है।'

मोदी के भाषण की अहम बातें

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'मेरे प्यारे देशवासियों! आजादी के वीरों को याद कर नई ऊर्जा का यह संकल्प होता है। एक प्रकार से हमारे लिए यह नई प्रेरणा लेकर आता है। नई उमंग, नया उत्साह लेकर आता है। हमारे लिए नया संकल्प लेना जरूरी भी है। अगले साल हम 75वें वर्ष में प्रवेश करेंगे। यह अपने आप में बहुत बड़ा अवसर है। इसलिए आज आने वाले दो साल के लिए बहुत बड़े संकल्प लेकर हमें चलना है। आजादी के 75 साल में जब हम प्रवेश करेंगे और 75 साल जब पूरे होंगे, तब हम हमारे संकल्पों की पूर्ति के महापर्व के रूप में मनाएंगे।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘हमारे पूर्वजों ने अखंड एकनिष्ठ तपस्या करके हमें जिस प्रकार से आजादी दिलाई, उन्होंने न्योछावर कर दिया खुद को। हम ये न भूलें कि गुलामी के इतने कालखंड में कोई भी पल या क्षेत्र ऐसा नहीं था, जब आजादी की ललक न उठी हो। आजादी की इच्छा को लेकर किसी न किसी ने प्रयास न किया हो या त्याग न किया हो। जवानी जेलों में खपा दी। फांसी के फंदों को चूमकर जीवन आहूत कर दिया। एकतरफ सशस्त्र क्रांति का दौर, एकतरफ जनआंदोलन का दौर। बापू ने आजादी के आंदोलन को एक ऊर्जा दी। इस आजादी की जंग में भारत की आत्मा को कुचलने के भी निरंतर प्रयास हुए।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'भारत को अपनी संस्कृति, परंपरा, रीत-रिवाज से उखाड़ फेंकने के लिए क्या कुछ नहीं हुआ। वह सैकड़ों कालों का कालखंड था। साम-दाम-दंड-भेद, सब कुछ अपने चरम पर था। कुछ लोग ये मानकर चलते थे कि यहां पर राज करने के लिए आए हैं। लेकिन आजादी की ललक ने उनके सारे मंसूबों को जमींदोज कर दिया। उनकी सोच थी कि इतना बड़ा विशाल देश, अनेक राजे-रजवाड़े, भांति-भांति की बोलियां, खानपान, अनेक भाषाएं, इतनी विविधताओं के कारण बिखरा देश कभी एक होकर आजादी की लड़ाई नहीं लड़ सकता। लेकिन वे यहां की प्राण शक्ति नहीं पहचान पाए।’

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'ऐसे कालखंड के बीच भी देश ने अपनी आजादी की ललक को नहीं छोड़ा। कष्ट झेलता रहा। भारत की इसी लड़ाई ने दुनिया में आजादी के लिए एक माहौल बना दिया। भारत की एक शक्ति ने दुनिया में बदलाव लाया। विस्तारवाद के लिए चुनौती बन गया भारत। इतिहास इस बात को नहीं नकार सकता। आजादी की लड़ाई में पूरे विश्व में भारत ने अपनी एकजुटता की ताकत, अपनी सामूहिकता की ताकत, अपने उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपना ऊर्जा, संकल्प और प्रेरणा लेकर देश आगे बढ़ता चला गया।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'कोरोना के बीच 130 करोड़ भारतवासियों ने संकल्प किया आत्मनिर्भर बनने का। आत्मनिर्भर भारत आज हर भारतवासी के मन-मस्तिष्क में छाया हुआ है। इस सपने को संकल्प में बदलते देख रहे हैं। ये आज 130 करोड़ देशवासियों के लिए मंत्र बन गया है। जब मैं आत्मनिर्भर की बात करता हूं, तो कई लोगों ने सुना होगा कि अब 21 साल के हो गए हो, अब पैरों पर खड़े हो जाओ। 20-21 साल में परिवार अपने बच्चों से पैरों पर खड़े होने की अपेक्षा करता है। आज आजादी के इतने साल बाद भारत के लिए भी आत्मनिर्भर बनना जरूरी है। जो परिवार के लिए जरूरी है, वो देश के लिए भी जरूरी है। भारत इस सपने को चरितार्थ करके रहेगा। मुझे इस देश के सामर्थ्य, प्रतिभा पर गर्व है।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'कोरोना के संकट में हमने देखा कि दुनिया में कठिनाई हो रही है। दुनिया चीजें नहीं दे पा रहीं। इस देश में एन-95 मास्क नहीं बनता था, पीपीई किट नहीं बनती थीं, वेंटिलेटर नहीं बनते थे, अब बनने लगे। आत्मनिर्भर भारत दुनिया की कैसे मदद कर सकता है, यह आज हम देख सकते हैं। ।।।बहुत हो चुका। आजाद भारत की मानसिकता क्या होनी चाहिए। वोकल फॉर लोकल। स्थानीय उत्पादों का गौरव गान करना चाहिए। ऐसा नहीं करेंगे तो उसकी हिम्मत नहीं बढ़ेगी। हम मिलकर संकल्प लें कि 75 साल की तरफ जब हम बढ़ रहे हैं तो वोकल फॉर लोकल का मंत्र अपनाएं।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'हमारा देश कैसे-कैसे कमाल करता है और आगे बढ़ता है, इस बात को हम समझ सकते हैं। कौन सोच सकता था कि कभी गरीबों के जनधन खातों में लाखों-करोड़ों रुपए सीधे ट्रांसफर हो जाएंगे। कौन सोच सकता था कि किसानों की भलाई के लिए कानून में बदलाव हो सकते हैं। कौन सोचता था कि हमारा स्पेस सेक्टर हमारे देश के युवाओं के लिए खोल दिया जाएगा। आज हम देख रहे हैं कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति हो, वन नेशन वन कार्ड की बात हो, वन नेशन वन ग्रिड की बात हो, वन नेशन वन टैक्स की बात हो, बैंकरप्सी कोड की बात हो या बैंकों को मर्ज करने का प्रयास हो, भारत के परिवर्तन के इस कालखंड में रिफॉर्म के पैमानों को दुनिया देख रही है।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'बीते वर्ष भारत में एफडीआई ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। बीते वर्ष भारत में एफडीआई 18% बढ़ा। इसलिए कोरोनाकाल में भी दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत की ओर रुख ले रही हैं। ये विश्वास ऐसे ही पैदा नहीं हुआ। ऐसे ही दुनिया मोहित नहीं हुई। इसके लिए भारत ने अपनी नीतियों और अपने लोकतंत्र की मजबूती पर काम किए हैं, उसने यह विश्वास जगाया है।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'देश आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ता गया। देश की अर्थव्यवस्था को कोरोना के प्रभाव से जल्द से जल्द बाहर निकालना हमारी प्राथमिकता है। इसमें अहम भूमिका रहेगी नेशनल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की। इस पर 110 लाख करोड़ से भी ज्यादा खर्च किए जाएंगे। अलग-अलग सेक्टर में 7 हजार प्रोजेक्ट्स की पहचान कर ली गई है। इससे देश के ओवरऑल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को नई दिशा और गति मिलेगी। ऐसे संकट की घड़ी में इन्फ्रास्ट्रक्चर को जितना बल दिया जाए, उतना फायदा है।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आत्मनिर्भर की पहली प्राथमिकता आत्मनिर्भर कृषि और आत्मनिर्भर किसान है। एक के बाद एक रिफॉर्म किसानों के लिए हुए हैं। किसानों को तमाम बंधनों से मुक्त करने का काम हमने किया। आप कपड़ा, साबुन बनाते हैं तो उसे देश में कहीं बेच सकते हैं। देश का किसान न अपनी मर्जी से बेच सकता था, न जहां बेचना चाहता था, वहां बेच सकता था। उसके सारे बंधनों को हमने खत्म कर दिया है। अब देश का किसान दुनिया के किसी भी कोेने में अपनी शर्तों पर उपज बेच सकता है।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'किसानी में इनपुट कॉस्ट कैसे कम हो, सोलर पम्प उन्हें कैसे मिलें। मछलीपालन जैसी चीजें कैसे उसके साथ जुड़ जाएं, उस दिशा में हम काम कर रहे हैं। पिछले दिनों एक लाख करोड़ रुपए एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर भारत सरकार ने आवंटित किए हैं। इससे विश्व बाजार में भारत के किसान में उसकी पहुंच बढ़ेगी।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष तौर पर आर्थिक क्लस्टर बनाए जाएंगे। किसानों के लिए किसान उत्पादक संघ बनाने की कोशिश की है। मैंने पिछली बार यहां जल जीवन मिशन की घोषणा की थी। हमने सपना लिया है कि पीने का शुद्ध जल सभी को मिलना चाहिए। अर्थव्यवस्था में भी इसका योगदान होता है। मुझे संतोष है कि हर दिन हम 1 लाख से ज्यादा घरों में पाइप से जल पहुंचा रहे हैं। पिछले एक साल में दो करोड़ परिवारों तक जल पहुंचाने में कामयाब रहे हैं। आदिवासियों के घर तक इसे पहुंचाने का काम चला है। जल जीवन मिशन ने देश में तंदरूस्त स्पर्धा का माहौल बनाया है।'
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'भारत का मध्यमवर्ग दुनिया में अपना डंका बजा रहा है। मध्यमवर्ग को जितने अवसर मिलते हैं, वह उतनी बड़ी ताकत के साथ उभरकर सामने आता है। उसके लिए खुला मैदान चाहिए। हमारी सरकार इसके लिए काम कर रही है। ईज ऑफ लिविंग का सबसे बड़ा फायदा अगर किसी को होगा तो मध्यमवर्ग परिवारों को होगा। हवाई जहाजों की टिकटें सस्ती होना, इंटरनेट मिलना, इन चीजों से मध्यमवर्ग की ताकत बढ़ेगी। उसका सपना अपना घर बनाने का होता है। होम लोन अब सस्ते हैं। उसे छह लाख रुपए तक छूट मिल जाती है। गरीब परिवारों ने पैसे लगाए, लेकिन योजनाएं पूरी नहीं होने से उन्हें घर नहीं मिल रहा था। हमने 25 हजार करोड़ रुपए का फंड इसके लिए बनाया है।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक भारत के निर्माण में देश की शिक्षा का बहुत बड़ा महत्व है। इसी सोच के साथ देश को तीन दशक के बाद नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को देने में हम सफल रहे हैं। ये शिक्षा नीति हमारे बच्चों को जड़ से जोड़ेगी, लेकिन साथ-साथ एक ग्लोबल सिटिजन बनाने का भी सामर्थ्य देगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में नेशनल रिसर्च फाउंडेशन पर बल दिया गया है। इससे देश को आगे ले जाने में ताकत मिलेगी।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आपने सोचा होगा कि क्या इतनी तेजी से गांवों तक ऑनलाइन क्लासेस का माहौल बन जाएगा? कोरोना में यह कल्चर बन गया। ऑनलाइन डिजिटल ट्रांजैक्शन भी बढ़ रहे हैं। पिछले एक महीने में भारत जैसे देश में 3 लाख करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ है। 2014 से पहले हमारे देश में 5 दर्जन पंचायतों में ऑप्टिकल फाइबर था। 5 साल में डेढ़ लाख पंचायतों तक ऑप्टिकल फाइबर पहुंच चुका है। गांवों की भी डिजिटल इंडिया में भागीदारी जरूरी हो गई है। इसे ध्यान में रखते हुए हमने हर पंचायत तक पहुंचने का कार्यक्रम बनाया था। हमने तय किया है कि 6 लाख से ज्यादा गांवों में ऑप्टिकल फाइबर पहुंचाएंगे। लाखों किलोमीटर तक ऑप्टिल फाइबर बिछाई जाएगी। एक हजार दिन में देश के 6 लाख से ज्यादा गांवों में ऑप्टिकल फाइबर का काम पूरा कर दिया जाएगा।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'साइबर स्पेस में हम आत्मनिर्भर होते जा रहे हैं। इससे देश के सामाजिक ताने-बाने और विकास पर भी खतरा पैदा हो गया है। भारत बहुत सचेत और सतर्क है। इसका सामना करने के लिए फैसले ले रहा है। नई योजनाएं भी विकसित हो रही हैं। आने वाले समय में सब इकाइयों को जोड़कर हमें एकसाथ चलना होगा। भारत में महिला शक्ति को जब-जब अवसर मिले तो उन्होंने देश को नई मजबूती दी है। आज देश प्रतिबद्ध है। आज भारत में महिलाएं कोयले की खदानें काम कर रही हैं तो देश की बेटियां फाइटर प्लेन उड़ाकर आसमान की बुलंदियों को चूम रही हैं। आज देश की सेनाओं में महिलाओं को कॉम्बैट रोल में शामिल किया जा रहा है। तीन तलाक के कारण पीड़ित मुस्लिम बहनों को हमने इससे आजादी दिलाई है।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, '40 करोड़ जनधन खातों में से 22 करोड़ खाते महिलाओं के हैं। 25 करोड़ मुद्रा लोन में 70% लोन महिलाओं को दिया गया है। गरीब बहन-बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य की चिंता यह सरकार लगातार कर रही है। हमने छह हजार जनऔषधि केंद्रों में हमने एक रुपए में 5 करोड़ से ज्यादा सैनेटरी पैड्स मुहैया कराए हैं। बेटियों की शादी की उम्र के बारे में भी जल्द उचित फैसले लिए जाएंगे।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आत्मनिर्भर भारत की सबसे बड़ी सीख हमें हेल्थ सेक्टर ने सिखा दी है। हमें इसमें आगे भी बढ़ना है। हमारे देश में पहले एक ही लैब थी कोराेना टेस्टिंग के लिए। आज 1400 लैब हैं। एक दिन में 300 टेस्ट हो रहे थे, आज 7 लाख से ज्यादा टेस्ट कर पा रहे हैं। देश में नए एम्स और नए मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। 5 साल में एमबीबीएस और एमडी में 45 हजार से ज्यादा सीटें बढ़ाई गई हैं। गांवों में डेढ़ लाख से ज्यादा वेलनेस सेंटर हैं।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'हेल्थ सेक्टर में आज से बहुत बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। आज से नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन की शुरुआत हो रही है। भारत के हेल्थ सेक्टर में यह नई क्रांति लाएगा। हर भारतीय को हेल्थ आईडी दी जाएगी। यह उसके खाते की तरह काम करेगी। आपकी बीमारी, किस डॉक्टर ने क्या दवा दी, रिपोर्ट क्या थी। यह सारी जानकारी इसमें शामिल की जाएगी। पैसा जमा करना हो, अस्पताल में पर्ची बनवाने की भागदौड़ हो, इससे मुक्ति मिलेगी। उत्तम स्वास्थ्य के लिए हर नागरिक सही फैसले कर पाएगा।'

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'तमाम प्राकृतिक आपदाओं के बाद भी देश ने अपना आत्मविश्वास नहीं खोया। देश को कोरोना के प्रभाव से बाहर निकालना हमारी प्राथमिकता है।हमारे यहां शास्त्रों में कहा गया है-सामर्थ्य्मूलं स्वातन्त्र्यं, श्रममूलं च वैभवम्।। किसी समाज, किसी भी राष्ट्र की आज़ादी का स्रोत उसका सामर्थ्य होता है, और उसके वैभव का, उन्नति प्रगति का स्रोत उसकी श्रम शक्ति होती है। देश के सामान्य नागरिक की मेहनत, उसके परिश्रम का कोई मुकाबला नहीं है। बीते 6 वर्षों में देश में मेहनत करने वाले लोगों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं। बिना किसी भेद-भाव के, पूरी पारदर्शिता के साथ सभी लोगों को कई योजनाओं के द्वारा मदद पहुंचाई गई है।'

ये भी पढ़े :

# स्वतंत्रता दिवस 2020 : प्रधानमंत्री मोदी को महसूस हुई बच्चों की कमी, बोले - 'आज बच्चे नहीं आ पाए'

# 74वें स्वतंत्रता दिवस पर कोरोना को लेकर बोले मोदी, संकल्प शक्ति से जंग जीतेगा भारत

# Independence Day 2020 : लाल किले पर प्रधानमत्री मोदी ने फहराया तिरंगा, पांच स्तरीय रहा सुरक्षा घेरा, तैनात स्नाइपर

# Independence Day 2020 : सिर्फ आज ही नहीं हर रोज मनाया जाता हैं यहां आजादी का जश्न, फहराया जाता हैं तिरंगा

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com