दुनियाभर में जानलेवा कोरोना वायरस की वैक्सीन (Coronavirus Vaccine) आने की सुगबुगाहट के बीच इंटरपोल ने दुनियाभर के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की है। इंटरपोल ने चेतावनी देते हुए कहा कि वैक्सीन आने के साथ ही क्रिमिनल नेटवर्क भी फर्जी वैक्सीन के साथ लोगों को ठगने की कोशिश कर सकते हैं। इंटरपोल ने पूरी दुनिया के लिए चेतावनी जारी की है। इंटरपोल ने नोटिस जारी करते हुए कहा, 'वैक्सीन आने की सुगबुगाहट के बीच अब दुनियाभर में क्रिमिनल नेटवर्क भी ऐक्टिव हो सकता है और फर्जी कोरोना वैक्सीन की ब्रिकी इंटरनेट से लेकर फिजिकल स्तर पर हो सकता है।' बता दें कि ब्रिटेन में Pfizer-BioNTech की वैक्सीन को अगले सप्ताह से इमर्जेंसी इस्तेमाल की मंजूरी मिल चुकी है। वहीं, भारत में भी अगले महीने तक वैक्सीन आने की उम्मीद बढ़ गई है।
आने वाली है फाइजर से लेकर कोविशील्ड वैक्सीनबता दें कि ब्रिटेन पहला ऐसे पश्चिमी देश है जिसने फाइजर की कोविड-19 की वैक्सीन को लाइसेंस दिया है। इसके साथ ही ऐसे लोगों को Pfizer/BioNTech की वैक्सीन दी जाएगी जिन्हें इन्फेक्शन का ज्यादा खतरा है। वैक्सीन को मेडिसिन्स ऐंड हेल्थकेयर प्रॉडक्ट्स रेग्युलेटरी अथॉरिटी (MHRA) ने इसकी इजाजत दे दी है। MHRA को विशेष नियमों के तहत 1 जनवरी से पहले वैक्सीन को अप्रूवल देने का अधिकार दिया गया था।
भारत में जनवरी तक कोरोना वैक्सीन को मिल सकता है इमरजेंसी अप्रूवलइस बीच, एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा कि हमें उम्मीद है कि दिसंबर के अंत या जनवरी की शुरुआत तक इनमें से किसी को ड्रग रेगुलेटर से इमरजेंसी अप्रूवल मिल जाएगा। उसके बाद वैक्सिनेशन शुरू हो सकेगा। जो डेटा अब तक सामने आया है, उसके आधार पर कहा जा सकता है कि वैक्सीन सेफ और इफेक्टिव है। वैक्सीन की सेफ्टी और एफिकेसी से कोई समझौता नहीं होगा। 70 से 80 हजार वॉलंटियर्स को वैक्सीन लगाई गई है। अब तक कोई गंभीर साइड इफेक्ट सामने नहीं आया है। डेटा बताता है कि शॉर्ट टर्म वैक्सीन सुरक्षित है।
दरअसल, इस समय भारत में 6 वैक्सीन पर काम चल रहा है। इसमें ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका और भारत बायोटेक के वैक्सीन फेज-3 ट्रायल्स में हैं। ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन-कोवीशील्ड के फेज-3 के क्लिनिकल ट्रायल्स के नतीजे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आ चुके हैं। इसे भारत में बना रहे सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (SII) के CEO अदार पूनावाला ने पिछले हफ्ते कहा था कि वे जल्द ही इमरजेंसी अप्रूवल के लिए अप्लाई करने की तैयारी कर रहे हैं।