इमरती देवी विवाद / कमलनाथ को राहुल गांधी की फटकार, कहा - मुझे ऐसी भाषा पसंद नहीं
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के आइटम वाले बयान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को असहमति जताई है।
Posts by : Priyanka Maheshwari |
Updated on: Tue, 20 Oct 2020 3:14:55
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के आइटम वाले बयान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को असहमति जताई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड की यात्रा पर हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कमलनाथ भले ही मेरी पार्टी के हैं, वे चाहे जो भी हों, लेकिन जिस भाषा का उन्होंने इस्तेमाल किया है, मैं निजी तौर पर उसे पसंद नहीं करता। राहुल ने कहा कि कोई भी महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार नहीं कर सकता है। मध्य प्रदेश की कैबिनेट मंत्री इमरती देवी को 'आइटम' कहने पर वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मुझे व्यक्तिगत रूप से भाषा पसंद नहीं है। मैं इसकी सराहना नहीं करता हूं। जिस तरह से हम महिलाओं के साथ व्यवहार करते हैं, उसे सुधारने की जरूरत है। हमारी महिलाएं हमारी शान हैं। मैं ऐसी भाषा की सराहना नहीं करता हूं।
#WATCH Kamal Nath ji is from my party but personally, I dont like the type of language that he used...I don t appreciate it, regardless of who he is. It is unfortunate: Congress leader Rahul Gandhi on the former Madhya Pradesh CMs "item" remark pic.twitter.com/VT149EjHu0
— ANI (@ANI)
राहुल का बयान आने के बाद कमलनाथ बोले- ये राहुल गांधी का विचार है। मैंने पहले ही साफ कर दिया है कि बयान मैंने किस संदर्भ में दिया था। अब मैं माफी क्यों मांगू, जब मेरा किसी का अपमान करने का इरादा ही नहीं था? अगर किसी को अपमान महसूस हो रहा है तो इसके लिए मैं पहले ही खेद जाहिर कर चुका हूं।
कमलनाथ ने रविवार को डबरा में एक चुनावी सभा के दौरान शिवराज कैबिनेट की मंत्री इमरती देवी को आइटम कहा था। नाथ के इस बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई नेताओं ने मौन धरना दिया था।
कमलनाथ के बयान पर विवाद बढ़ा तो उन्होंने सफाई दी कि आइटम अपमानजनक शब्द नहीं है। विधायक का नाम नहीं याद आ रहा था, इसलिए ऐसा बोल दिया। उधर, इमरती देवी ने जवाब में कहा- वो (कमलनाथ) बंगाल का आदमी है, वो महिला का सम्मान क्या जाने। कुर्सी जाने से पागल हो गए हैं।
बता दे, तीन दिन की वायनाड यात्रा पर पहुंच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के निशाने पर केंद्र की मोदी सरकार है। राहुल गांधी ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण दुनिया सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। यह बुरा समय है और हमने केंद्र से अपील की थी कि गरीबों की मदद की जाए।
वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा करने के लिए कोई कोशिश नहीं की। बिना तैयारी लॉकडाउन लगाने की वजह से लोगों को कई तरह की समस्याएं हुई। अधिकतर लोगों को अपने घर लौटने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
राहुल गांधी ने कहा कि केरल के लोगों ने कोरोना के खिलाफ अच्छी लड़ाई लड़ी है। वायनाड की स्थिति काफी बेहतर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन को आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति नहीं करनी चाहिए। मैंने पहले ही कहा था कि कोरोना के कारण हमें बहुत समस्या होने वाली है। अब एक-दूसरे पर आरोप लगाने से कोई फायदा नहीं है।