
बाइक सवार दाे नकाबपाेश बदमाशों ने मंगलवार रात करीब साढ़े 8 बजे मुकीम बाेथरा माेहल्ले में बाइक सवार व्यापारी से 40 हजार रुपए से भरा बैग लूट लिया। व्यापारी ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन हाथ नहीं लगे। पुलिस काे सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनसे लुटेराें की तलाश की जा रही है। आचार्याें का चाैक निवासी नरसिंहदास अग्रवाल और गाैरीशंकर अग्रवाल की फड़ बाजार में गाेयल किराणा स्टाेर के नाम से परचून की दुकान है। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे वे दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। उनके साथ कर्मचारी प्रेम शर्मा भी था। तीनाें मुकीम बाेथरा माेहल्ले में पहुंचे ताे बाइक सवार दाे नकाबपाेश युवक पीछे से आए और अचानक झपट्टा मारकर व्यापारी नरसिंहदास से बैग छीनकर फरार हाे गए।
बैग में 40 हजार रुपए और दुकान की चाबियां थी। वारदात के बाद लुटेरे बड़े बाजार की तरफ भागे। दुकानदाराें ने भुजिया बाजार तक उनका पीछा भी किया, लेकिन बाद में वे गलियाें में गुम हो गए। एसएचओ नवनीतसिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर लुटेराें की तलाश की जा रही है।














