
उदयपुर पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लाख रुपए की शराब जब्त की है। सुखेर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उदयपुर के रास्ते हरियाणा में बनी शराब गुजरात ले जाई जा रही है। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली। इसी दौरान एक ट्रक की तलाशी लेने पर AC की आड़ में शराब मिली। मामले में पुलिस ने ड्राइवर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना पुलिस अधिकारी रविंद्र चारण ने बताया कि आरोपी ने AC की आड़ में शराब गुजरात ले जाने की कोशिश में थे। लेकिन, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सख्ती से नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इसमें हरियाणा नंबर का एक ट्रक संदिग्ध मिला। इस दौरान पुलिस ने जब ट्रक की जांच की तो उसमें एयर कंडीशनर रखे थे। लेकिन, शक के आधार पर पुलिस ने जब चालक से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने AC के डिब्बों के पीछे शराब होने की बात कबूल की।
इसके बाद पुलिस ने ट्रक से हरियाणा निर्मित 655 शराब के कार्टून जब्त किए। जिनकी बाजार कीमत लगभग 30 लाख रुपए है। इस कार्रवाई में भीम निवासी प्रभुलाल और बदनोर निवासी भंवरलाल को भी गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि शनिवार को उदयपुर के सुखेर थाना इलाके में भी गोभी की आड़ में शराब तस्करी की जा रही थी। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 75 कार्टून अवैध शराब के जब्त किए थे। वहीं, लगातार दूसरे दिन अवैध शराब के खिलाफ उदयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।














