अलवर से जयपुर आ रहा देशी शराब का ट्रक बीती रात सीकर रोड पर भवानी निकेतन कॉलेज के पास पलट गया था। ऐसे में कोई राहगीर इन कार्टूनों को लूटकर ना भाग जाए। इस डर से आबकारी विभाग के कर्मचारी और ट्रक ड्राइवर रातभर वहीं बैठकर पहरेदारी करते रहे। इस शराब को ठेकों तक पहुंचानी थी।
गुरुवार अलसुबह दूसरा ट्रक आने पर पलटे हुए ट्रक में माल शिफ्ट किया गया। फिर क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को खड़ा करवाया गया। हादसे की सूचना पर झोटवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि सड़क पर आवारा जानवर को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रक पलटा।
![राजस्थान : बीच रास्ते पलटा देशी शराब से भरा ट्रक, आबकारी कर्मचारी करते रहे पूरी रात चौकीदारी news,latest news,news in hindi,rajasthan,jaipur,truck overturned liquor bottles]()
पुलिस ने बताया कि अलवर के बहरोड़ से बुधवार देर रात को देसी शराब और मिनरल वाटर की बोतलों से भरा हुआ ट्रक जयपुर के लिए रवाना हुआ था। ट्रक को झोटवाड़ा स्थित आबकारी विभाग के गोदाम में माल पहुंचाना था। लेकिन, सीकर रोड के पास ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। इससे काफी संख्या में बोतलें सड़क पर बिखर गई। ट्रक ड्राइवर ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को सूचना दी।
तब आबकारी विभाग के कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंची और पहरेदारी करती रही। दूसरा ट्रक आने पर आबकारी कार्मिकों ने बिखरे हुए कार्टूनों को उसमें भरा। फिर उसे झोटवाड़ा स्थित आबकारी गोदाम के लिए रवाना किया गया। शराब को गोदाम तक पहुंचाने के बाद आबकारी ठेकों पर डिलीवरी करना था। ट्रक के पलटने से शराब की काफी बोतलें टूट गई।