
आंध्रप्रदेश से एक ट्रक में मादक पदार्थ लेकर आ रहे दो शातिरों को जोधपुर एनसीबी टीम ने भरतपुर में गिरफ्तार कर 290 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया। एनसीबी जोधपुर जोनल निदेशक उगमदान चारण ने बताया कि प्रदेश के अलवर, धौलपुर, भरतपुर व आसपास के इलाकों में गांजा तस्करों के बारे में खुफिया सूचनाएं पिछले कुछ समय से मिल रही थीं।
इस पर जोधपुर से एनसीबी की एक टीम ने इन सूचनाओं पर छानबीन शुरू की। आंध्रप्रदेश से राजस्थान तक मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले एक गिरोह के बारे में पुख्ता जानकारी मिली, तो एक टीम भरतपुर भेजी। इस टीम ने सेवर थाना क्षेत्र में एक चिह्नित नंबर के ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली, तो उसमें 290.90 किलो गांजा बरामद हुआ।
टीम ने मादक पदार्थ व ट्रक जब्त कर इसे लाने वाले अलवर के नीमराना में संतो निवासी नरेंद्र कुमार यादव और दीपक कुमार यादव को गिरफ्तार किया। दोनों शातिरों से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि वे यह गांजा स्थानीय तस्करों को सप्लाई करने वाले थे। टीम अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों के बारे में छानबीन कर रही है।














