संयुक्त अरब अमीरात के डिप्टी प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अस्पताल पहुंचकर फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की। फ्लाइट के दौरान गंभीर हमले में घायल होने के बावजूद विमान को सुरक्षित उतारने और उसमें सवार लोगों की जान बचाने के लिए उन्होंने स्मित मच्छार के साहस और जिम्मेदारी की सराहना की। मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
शेख हमदान ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार को हिम्मत, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति चिंता की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि देश के नेतृत्व की ओर से भी पायलट के प्रयासों की पूरी सराहना की जाती है। शेख हमदान ने यह भी कहा कि उन्हें गर्व है कि स्मित मच्छार यूएई की टीम और देश की उस पहचान का हिस्सा हैं, जिसमें दयालुता, शांति और जीवन को महत्व दिया जाता है।
हमले के बावजूद संभाला विमान
स्मित मच्छार फ्लाईदुबई की उस उड़ान के पायलट थे, जिसमें उड़ान के दौरान कॉकपिट में उन पर चाकू से हमला किया गया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने विमान पर नियंत्रण बनाए रखा और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे सुरक्षित उतारने में मदद की।
बताया गया है कि इस घटना के समय विमान में कुल 174 यात्री सवार थे। इनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। स्मित मच्छार के प्रयासों के कारण विमान में मौजूद यात्रियों की जान बचाई जा सकी।
पीएम मोदी ने भी की थी पायलट से बातचीत
इस घटना के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को स्मित मच्छार से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की थी। बातचीत के दौरान पायलट ने घटना के समय अपने अनुभव के बारे में प्रधानमंत्री को बताया और यह साझा किया कि उस मुश्किल स्थिति में उन्होंने किस तरह हिम्मत जुटाई।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी स्मित मच्छार के साहस की प्रशंसा की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल स्मित मच्छार का दुबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
During a visit to Captain Smit Machchhar… the flydubai pilot who embodied the highest degrees of courage, responsibility, and care for human life.
— Hamdan bin Mohammed (@HamdanMohammed) October 3, 2026
From us, and from the leadership of the nation, he has our full appreciation and praise.
We are proud that he is part of our… pic.twitter.com/QgpQxdcK5C
फ्लाईदुबई की FZ1073 उड़ान में क्या हुआ था
यह घटना बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई थी। उड़ान के दौरान विमान की ओर से आपातकालीन संकेत भेजे गए थे। इसके बाद विमान सऊदी अरब के ताबुक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट की ओर मुड़ा।
घटना के दौरान विमान ने करीब 34,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे उतरते हुए 17,000 फीट से अधिक की ऊंचाई खो दी थी। इसी दौरान कॉकपिट में को-पायलट ने स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर चोट के बावजूद स्मित मच्छार ने विमान को संभाला और उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई। इस विमान में सवार सभी 174 लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनके प्रयास महत्वपूर्ण रहे। घटना के बाद अब यूएई के डिप्टी प्रधानमंत्री की अस्पताल में उनसे मुलाकात हुई है और उनके साहस की सार्वजनिक रूप से सराहना की गई है।













