पंजाब और गुजरात में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Election 2022) से पहले सियासी उठापठक शुरू हो गई है। दोनों राज्यों में मुख्यमंत्री बदलने के बाद अब खबर है कि CPI नेता और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। हाल ही में कन्हैया कुमार ने इस बारे में राहुल गांधी से मुलाकात की थी। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो इन दोनों बैठकों में प्रशांत किशोर भी मौजूद थे। हालांकि, कन्हैया कुमार ने राहुल गांधी से किसी भी तरह की मुलाकात की बात को लगातार खारिज किया है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी के पास कन्हैया कुमार के लिए प्लान है, जिसपर अमल किया जाएगा। बिहार में कांग्रेस जल्द ही अपने नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान भी कर सकती है। वहीं, गुजरात के निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी भी कांग्रेस का हाथ थामने के लिए तैयार है। कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में उत्तरी गुजरात के बनासकांठा जिले की वडगाम सीट से उम्मीदवार नहीं उतारकर जिग्नेश की मदद की थी। समाचार ऐजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि दोनों नेता के कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान 28 सितंबर को किया जा सकता है।