देश में पाए गए 44 हजार के करीब नए कोरोना मरीज, पिछले तीन दिनों में मिले एक लाख से अधिक संक्रमित

By: Pinki Sun, 21 Mar 2021 09:23:50

देश में पाए गए 44 हजार के करीब नए कोरोना मरीज, पिछले तीन दिनों में मिले  एक लाख से अधिक संक्रमित

देश में कोरोना की रफ्तार एक बार फिर तेज हो गई है। पिछले 24 घंटे में देश में 43,815 कोरोना के मरीज मिले। यह आंकड़ा बीते 105 दिनों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले पिछले साल 25 नवंबर को 44,699 मामले सामने आए थे। बीते दिन 22,970 लोगों ने कोरोना को मात दी और 196 लोगों की मौत भी हुई। covid19india.org के आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक 1.15 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.11 करोड़ ठीक हुए हैं। 1.59 लाख ने जान गंवाई है। देश में कोरोना एक्टिव केस भी तेजी से बढ़ रहे है. बीते दिन एक्टिव केस की संख्या 3 लाख के पार पहुंच गई। कोरोना में बढ़ते प्रकोप का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनमें 1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस बीते 8 दिन में बढ़े। देश में 12 मार्च को एक लाख 99 हजार 22 मरीजों का इलाज चल रहा था, जो 20 मार्च को बढ़कर 3 लाख 6 हजार 93 हो गया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र समेत देश के आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक आठ राज्यों महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा में संक्रमण का ग्राफ ऊपर की तरफ जा रहा है। मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 111 दिनों बाद सामने आए सर्वाधिक 40,953 नए मामलों में से 80% ज्यादा केस इन्हीं राज्यों में मिले हैं। इससे पहले पिछले साल 29 नवंबर को 41,810 नए केस पाए गए थे। नए मामलों में से अकेले तीन राज्यों-महाराष्ट्र में 62%, केरल में 8.83% और पंजाब में 5.36% यानी कुल 76.22% नए मामले हैं।

मंत्रालय के मुताबिक कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 15 लाख 55 हजार को पार कर गया है। इनमें से 1 करोड़ 11 लाख 7 हजार से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 1,59,558 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है, जिनमें पिछले एक दिन में हुई 188 मौतें भी शामिल हैं। मरीजों के उबरने की दर घटकर 96.12% पर आ गई है और मृत्युदर 1.38 पर बनी हुई है। सक्रिय मामले 2,88,394 हो गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 2.49% है।

मंत्रालय के मुताबिक पिछले तीन दिनों में ही एक लाख से अधिक संक्रमित पाए गए हैं। शनिवार को जहां 40,953 नए मामले मिले, वहीं शुक्रवार को 39,726 और गुरुवार को 35,871 नए मामले सामने आए थे।

शुक्रवार को 10.60 लाख कोरोना संक्रमण नमूनों की जांच

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में शुक्रवार को 10,60,971 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 23 करोड़ 24 लाख 31 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

राज्यों का हाल...


महाराष्ट्र में शनिवार को को 27,126 लोग कोरोना संक्रमित मिले। यह कोरोना की शुरुआत से अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यहां पिछले 24 घंटे में 13,588 मरीज ठीक हुए और 92 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 24.49 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 22.03 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 53,300 संक्रमितों ने जान गंवाई है। अभी 1.91 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। नागपुर में 31 मार्च तक कुछ रियायतों के साथ लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। पहले 21 मार्च तक के लिए लॉकडाउन लगाया गया था। महाराष्ट्र की स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड ने कहा कि 10वीं और 12वीं की परीक्षा ऑफलाइन कराई जाएगी यानी छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र जाना होगा। मुंबई में बीएमसी ने रोजाना करीब 47 हजार लोगों की रैपिड एंटीजेन टेस्ट करेगी। पुणे के कोंधावा थाने में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआइ) के 37 कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोरोना के दिशानिर्देशों का उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।

महाराष्ट्र में कोरोना के मामले बढ़ने के बाद BMC ने एक सर्कुलर जारी किया है। सर्कुलर के मुताबिक UK, यूरोप, मिडिल ईस्ट, साउथ अफ्रीका और ब्राजील से मुंबई आने पर 7 दिन होम क्वारैंटाइन रहना होगा। BMC के मुताबिक- बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और मेडिकल प्रोफेशनल्स को इस सख्ती बाहर रखा गया है। इसके साथ ही वैक्सीन के सभी डोज ले चुके लोगों को भी इस नियम का पालन करने की जरूरत नहीं है।

पंजाब में शनिवार को 2,587 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 1,011 मरीज ठीक हुए और 38 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2.10 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.87 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 6,280 संक्रमितों ने जान गंवाई है। अभी 16,988 मरीजों का इलाज चल रहा है। पंजाब में सभी स्कूल-कॉलेज 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही कॉलेज की परीक्षाओं को भी टाल दिया गया है। पंजाब सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक राज्य में मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज को छोड़कर सभी शैक्षणिक संस्थान 31 मार्च तक बंद रहेंगे। सिनेमा हॉल में 50% की क्षमता को अनुमति दी गई है।

केरल में शनिवार को 2,078 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 2,211 मरीज ठीक हुए और 15 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 11.02 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 10.72 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,483 संक्रमितों ने जान गंवाई है। 25,008 मरीजों का इलाज चल रहा है।

कर्नाटक में शनिवार को 1,798 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 1,030 मरीज ठीक हुए और 7 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 9.68 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 9.43 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,432 संक्रमितों ने जान गंवाई है। अभी 12,828 मरीजों का इलाज चल रहा है।

गुजरात में शनिवार को 1,565 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 969 मरीज ठीक हुए और 6 की मौत हो गई। राज्य में 4 महीने बाद एक दिन में इतने संक्रमित हुए हैं। इससे पहले पिछले साल 29 नवंबर को 1564 मरीज मिले थे। राज्य में अब तक 2.84 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.74 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,443 मरीजों की मौत हो गई। 6,737 का इलाज चल रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कहा है कि गुजरात में दिन का कर्फ्यू नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि संक्रमण को रोकने के लिए मास्क तथा टीकाकरण ही उपाय है। उन्होंने बताया कि राज्य में रोजाना अब 3 लाख लोगों को टीका लगाया जा रहा है। अहमदाबाद में 'सुपर स्प्रेडर' माने जाने वाले सब्जी बिक्रेताओं, दवा के दुकानदारों, किरानावालों, ऑटो रिक्शा चालक, सैलून वालों की जांच शुरू कर दी गई है।

मध्यप्रदेश में शनिवार को 1,308 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 571 मरीज ठीक हुए और 2 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2.74 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.63 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,903 मरीजों की मौत हो गई। 7,344 का इलाज चल रहा है। मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर और जबलपुर में रविवार को लॉकडाउन रहेगा। यह सोमवार सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।

छत्तीसगढ़ में शनिवार को 1,273 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 7,693 मरीज ठीक हुए और 11 की मौत हो गई। यहां लगातार तीसरे दिन हजार से ज्यादा मरीज मिले हैं। बीते दिन यहां 1097 केस आए थे। यहां अब तक 3.23 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.11 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,940 संक्रमितों ने जान गंवाई है। अभी 7,693 मरीजों का इलाज चल रहा है।

तमिलनाडु में शनिवार को 1,243 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 634 मरीज ठीक हुए और 8 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 8.65 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 8.45 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,590 संक्रमितों ने जान गंवाई है। अभी 7,291 मरीजों का इलाज चल रहा है।

हरियाणा में शनिवार को 821 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 368 मरीज ठीक हुए और 3 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2.78 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.71 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,093 संक्रमितों ने जान गंवाई है। अभी 4,830 मरीजों का इलाज चल रहा है।

दिल्ली में शनिवार को 813 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 567 मरीज ठीक हुए और 2 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 6.47 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.32 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,955 मरीजों की मौत हो गई। 3,409 का इलाज चल रहा है।

राजस्थान में शनिवार को 445 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 256 मरीज ठीक हुए। राज्य में अब तक 3.24 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.18 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,796 मरीजों की मौत हो गई। 3,310 का इलाज चल रहा है। राजस्थान के दौसा में कोरोना वायरस संक्रमण एक बार फिर पांव पसारता जा रहा है। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कलेक्टर पीयूष समारिया ने जिले में बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को रात 8 बजे के बाद बंद करने का निर्णय लिया गया है। दौसा कलेक्ट्रेट में शनिवार को नगर परिषद के पार्षदों की मीटिंग आयोजित की गई थी। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में दौसा के विधायक मुरारी लाल मीणा और सभापति ममता चौधरी भी मौजूद रहीं। मीटिंग के बाद कलेक्टर ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीनेशन आवश्यक है। इसलिए जो कोविड वैक्सीन लगवाएंगे उन्हें ही सरकारी या फिर वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए वैक्सीनेशन लगवाने का सर्टिफिकेट आवश्यक होगा। नगर परिषद की ओर से मास्क वितरण का विशेष अभियान फिर से शुरू किया जाएगा। मास्क नहीं लगाने वालों के खिलाफ बड़े स्तर पर चालान काटे जाएंगे।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com