अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पवन हंस का एक हेलिकॉप्टर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का शिकार हो गया, जिसके कारण पायलट को इसे समुद्र में सुरक्षित रूप से उतारना पड़ा। राहत की बात यह रही कि हेलिकॉप्टर में सवार सभी सात लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
यह हेलिकॉप्टर पोर्ट ब्लेयर से मायाबंदर की ओर जा रहा था। हेलिकॉप्टर में दो क्रू मेंबर और पांच यात्री सवार थे। पवन हंस के प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना सुबह लगभग 9:30 बजे हुई।
तकनीकी खराबी के कारण हुई समुद्र में उतारनाउड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसे देखते हुए पायलट ने तुरंत निर्णय लिया कि सभी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलिकॉप्टर को समुद्र में उतारा जाए। अधिकारियों ने बताया कि हेलिकॉप्टर रनवे से लगभग 300 मीटर पहले समुद्र में सुरक्षित लैंडिंग करने में सफल रहा। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तकनीकी खराबी की वजह क्या थी।
दिल्ली लौट आई स्पाइसजेट की लेह उड़ानइसी तरह की तकनीकी समस्या के कारण लेह जाने वाली स्पाइसजेट की एक उड़ान भी मंगलवार सुबह दिल्ली लौट आई। उड़ान संख्या एसजी121 में लगभग 150 यात्री सवार थे। विमान के इंजन में खराबी के कारण यह वापस राष्ट्रीय राजधानी लौट आया।
स्पाइसजेट प्रवक्ता ने बताया कि विमान दिल्ली में सुरक्षित उतरा और सभी यात्रियों को सामान्य रूप से उतार लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉकपिट में आग लगने की कोई चेतावनी नहीं मिली थी।