सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया ने जूनियर कोर्ट असिस्टेंट (JCA) के 250 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। योग्य उम्मीदवार 28 अक्टूबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। जूनियर कोर्ट असिस्टेंट के पद ग्रुप-बी नॉन-गजेटेड श्रेणी में आते हैं। नियुक्ति के बाद पद को पे मैट्रिक्स के लेवल-6 में रखा जाएगा और शुरुआती मूल वेतन 35,400 रुपये प्रतिमाह होगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार मिलने वाले भत्ते भी देय होंगे।
सुप्रीम कोर्ट की अधिसूचना में 250 पदों की संख्या फिलहाल अस्थायी बताई गई है। प्रशासनिक आवश्यकता या सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री की जरूरत के अनुसार रिक्तियों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है। इन पदों पर आरक्षण का लाभ सुप्रीम कोर्ट ऑफिसर्स एंड सर्वेंट रूल्स, 1961 के नियम 4-ए के तहत मिलेगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
JCA भर्ती के लिए उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त भारतीय विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ कंप्यूटर का कार्यसाधक ज्ञान और कंप्यूटर पर कम से कम 35 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति भी अनिवार्य है।
आयु सीमा की गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। इस तारीख को उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी-एनसीएल, दिव्यांग और पूर्व सैनिक श्रेणी के उम्मीदवारों को लागू नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी।
स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को अधिकतम पांच वर्ष की अतिरिक्त आयु छूट दी जाएगी। वहीं सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री के विभागीय उम्मीदवारों के लिए ऊपरी आयु सीमा लागू नहीं होगी।
आवेदन शुल्क कितना है?
जूनियर कोर्ट असिस्टेंट भर्ती में सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1500 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी, ओबीसी-एनसीएल, पूर्व सैनिक और दिव्यांग उम्मीदवारों को 750 रुपये शुल्क देना होगा। इसके अलावा बैंक शुल्क अलग से लागू होगा।
आवेदन शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। इसके लिए यूको बैंक के पेमेंट गेटवे का इस्तेमाल करना होगा।
चार चरणों में होगा चयन
JCA पद के लिए चयन प्रक्रिया चार चरणों में आयोजित की जाएगी। सबसे पहले वस्तुनिष्ठ प्रकार की परीक्षा होगी। इसके बाद कंप्यूटर टाइपिंग स्पीड टेस्ट, अंग्रेजी में वर्णनात्मक लिखित परीक्षा और अंत में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
वस्तुनिष्ठ परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे और परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसमें अंग्रेजी, सामान्य योग्यता, सामान्य ज्ञान और कंप्यूटर ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके अलावा भारतीय संविधान में न्यायपालिका से जुड़े प्रावधान, सुप्रीम कोर्ट रूल्स 2013 तथा सुप्रीम कोर्ट ऑफिसर्स एंड सर्वेंट रूल्स 1961 से जुड़े प्रश्न भी परीक्षा का हिस्सा होंगे।
गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की नकारात्मक अंक व्यवस्था लागू होगी। वस्तुनिष्ठ परीक्षा में कम से कम 50 अंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए योग्य माना जाएगा।
यदि परीक्षा में बड़ी संख्या में उम्मीदवार निर्धारित मानक पूरा करते हैं, तो टाइपिंग टेस्ट और वर्णनात्मक परीक्षा के लिए लगभग 1:10 के अनुपात में उम्मीदवारों को आगे बढ़ाया जाएगा।
20 नवंबर को प्रस्तावित है पहली परीक्षा
नोटिफिकेशन के मुताबिक JCA भर्ती की वस्तुनिष्ठ प्रकार की परीक्षा 20 नवंबर 2026 को आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। परीक्षा की उत्तर कुंजी 22 नवंबर को जारी की जा सकती है। उम्मीदवारों को उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 22 और 23 नवंबर का समय दिया जाएगा।
कंप्यूटर टाइपिंग टेस्ट, अंग्रेजी में वर्णनात्मक परीक्षा और साक्षात्कार की तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।
ऐसे करें सुप्रीम कोर्ट JCA भर्ती के लिए आवेदन
उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट sci.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद भर्ती या रिक्वायरमेंट सेक्शन में जाकर जूनियर कोर्ट असिस्टेंट भर्ती से संबंधित ऑनलाइन आवेदन लिंक खोलना होगा।
आवेदन पत्र भरते समय नाम, माता-पिता का नाम और जन्म तिथि दसवीं कक्षा के प्रमाण पत्र में दर्ज विवरण के अनुसार भरना होगा। इसके बाद उम्मीदवार को निर्धारित प्रारूप में फोटो और हस्ताक्षर के साथ 10वीं, 12वीं और स्नातक की शैक्षणिक योग्यता से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
आरक्षित वर्ग और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को अपनी पात्रता से संबंधित प्रमाण पत्र भी जमा करना होगा। सभी जरूरी विवरण और दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।
फॉर्म जमा करने से पहले उम्मीदवार को आवेदन में दर्ज सभी जानकारियों की दोबारा जांच कर लेनी चाहिए। अंतिम रूप से आवेदन सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रखना होगा।
सुप्रीम कोर्ट JCA भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और 28 अक्टूबर 2026 रात 11:55 बजे तक चलेगी। उम्मीदवारों को आवेदन की अंतिम तारीख से पहले सभी आवश्यक चरण पूरे करने होंगे।














