दिन के समय जब हलकी भूख लगती हैं तो सभी की कुछ न कुछ स्नैक्स खाने की चाहत होती है। आजकल स्नैक्स के नाम पर अन्हेल्दी बहुत खाया जाता हैं जो कि सेहत के लिए सही नहीं हैं। ऐसे में आज हम लेकर आए हैं आपके लिए स्वाद से भरी मखाना भेल बनाने की रेसिपी। इसे हेल्दी स्नैक्स के तौर पर आजमाया जा सकता हैं। आप मखाना भेल को किसी भी वक्त बनाकर खा सकते हैं। ये मिनटों में तैयार हो जाती है। आइये जानते हैं इसकी रेसिपी।
आवश्यक सामग्रीमखाने - 2 कप
मूंगफली दाने - 1/2 कप
प्याज बारीक कटा - 1/2 कप
गाजर बारीक कटी - 1/2 कप
चुकंदर बारीक कटे - 1/2 कप
टमाटर बारीक कटे - 1/2 कप
हरी मिर्च कटी - 2
धनिया पत्ती कटी - 1/4 कप
लाल मिर्च पाउडर - 1/4 टी स्पून
चाट मसाला - 1/2 टी स्पून
देसी घी - 3-4 टी स्पून
![हेल्दी स्नैक्स के तौर पर आजमाए स्वाद से भरी मखाना भेल #Recipe makhana bhel recipe,recipe,recipe in hindi,special recipe]()
हरी चटनी - जरूरत के अनुसार
इमली की चटनी - जरूरत के अनुसार
सेव - 1/4 कप
नमक - स्वादानुसार
बनाने की विधिमखाना भेल बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही को धीमी आंच पर देसी घी डालकर गर्म करने के लिए रख दें। जब कड़ाही का घी पिघल जाए तो उसमें मूंगफली दाने डालकर कुछ मिनट तक भून लें। जब दाने अच्छे से फ्राई हो जाएं तो उन्हें एक बाउल में निकालकर अलग रख दें। अब कड़ाही के घी में ही मखाने डाल दें और उन्हें 5-6 मिनट तक अच्छी तरह से भूनें। इसमें लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर चलाते हुए फ्राई करें। जब मखाने अच्छे से फ्राई हो जाएं तो उन्हें भी बाउल में निकाल लें।
अब एक मिक्सिंग बाउल लें और उसमें भुने हुए मूंगफली दाने और मखाने डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। इसके पूर्व प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, चुकंदर, गाजर के बारीक-बारीक टुकड़े कर लें। इन्हें मखाने वाली बाउल में डाल दें और सभी को अच्छी तरह से मिक्स कर दें। इसके बाद इसमें चाट मसाला, हरी तीखी चटनी, इमली की मीठी चटनी, बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिलाएं। अब मखाना भेल को एक प्लेट में निकाल लें और ऊपर से सेव और हरी धनिया पत्ती डालकर सर्व करें।