रक्षाबंधन पर भाई-बहन के रिश्ते की मिठास को खास बनाने के लिए घर पर कुछ स्पेशल बनाना हो तो पनीर काठी रोल अच्छा विकल्प हो सकता है। पनीर और सब्जियों से तैयार यह रोल स्वादिष्ट होने के साथ बनाने में भी आसान है। खास बात यह है कि इसकी स्टफिंग मसालों और सॉस के साथ तैयार की जाती है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
रक्षाबंधन के दिन बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। ऐसे में नाश्ते में अपने हाथों से बनाई कोई पसंदीदा डिश इस खास दिन को और यादगार बना सकती है। अगर आप भी भाई के लिए कुछ चटपटा बनाना चाहती हैं, तो इस पनीर काठी रोल की रेसिपी आजमा सकती हैं।
पनीर काठी रोल के लिए सामग्री
डो के लिए:
1 कप मैदा या गेहूं का आटा
1 चम्मच तेल
स्वादानुसार नमक
गुनगुना पानी
स्टफिंग के लिए:
200 ग्राम पनीर
1 शिमला मिर्च, लंबी कटी हुई
1 बड़ा प्याज, लच्छों में कटा हुआ
1 टमाटर, बीज निकालकर लंबा कटा हुआ
मसाले और सॉस:
1/2 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1/2 चम्मच हल्दी
1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/2 चम्मच गरम मसाला
1/2 चम्मच चाट मसाला
2 चम्मच दही
1 चम्मच नींबू का रस
हरी चटनी
मियोनीज़ या टोमैटो केचप
स्वादानुसार नमक
इस तरह तैयार करें रोल
सबसे पहले एक बर्तन में आटा, नमक और तेल डालें। गुनगुना पानी धीरे-धीरे मिलाते हुए नरम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर करीब 15 मिनट के लिए रख दें।
अब पनीर की तैयारी करें। एक बाउल में दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, नींबू का रस और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसमें पनीर के टुकड़े डालकर मसाले में मिलाएं और करीब 10 मिनट के लिए रख दें।
इसके बाद पैन में एक चम्मच तेल गर्म करें। इसमें लंबी कटी शिमला मिर्च और प्याज डालकर तेज आंच पर लगभग 2 मिनट भूनें। सब्जियों को इतना ही पकाएं कि उनका क्रंच बना रहे। अब इसमें मैरीनेट किया हुआ पनीर डालें और करीब 3 से 4 मिनट तक पकाएं।
दूसरी ओर आटे की लोई बनाकर पतली रोटी बेल लें। तवे पर दोनों तरफ थोड़ा तेल या घी लगाकर इसे क्रिस्पी होने तक सेंकें।
ऐसे करें रोल तैयार
अब तैयार रोटी या पराठे पर हरी चटनी और मियोनीज़ फैलाएं। इसके बीच में पनीर और सब्जियों की तैयार स्टफिंग रखें। ऊपर से थोड़ा चाट मसाला, कटा हुआ कच्चा प्याज और टोमैटो केचप डालें।
अंत में रोटी को अच्छी तरह कसकर रोल करें और बटर पेपर या फॉयल में लपेट दें। आपका पनीर काठी रोल तैयार है। इसे गरमा-गरम हरी चटनी या सॉस के साथ भाई को सर्व कर सकती हैं।













