मुंबई हाईप्रोफाइल ड्रग्स पार्टी मामले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shahrukh Khan) और गौरी खान (Gauri Khan) के बेटे आर्यन खान (Aryan Khan) को नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो (NCB) ने रविवार को गिरफ्तार किया था। एनसीबी सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आर्यन खान ने माना कि वह इस पार्टी का हिस्सा था। उसने ये भी माना कि उससे गलती हुई। सूत्रों के मुताबिक, आर्यन ने शौकिया तौर पर ड्रग्स सेवन की बात भी कबूल की है। उधर, आर्यन की गिरफ्तारी के बाद शाहरुख खान के दोस्त सलमान खान उनसे मिलने रविवार रात उनके घर मन्नत पहुंचे। सलमान आधी रात को उनके घर से निकले। सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने इसका एक छोटा सा वीडियो भी शेयर किया है। जिसमें सलमान खान अपनी कार में शाहरुख खान के घर के बाहर नजर आ रहे हैं।














