बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर मनोज बाजपेयी की मां गीता देवी का बीते 8 दिसंबर को लंबी बीमारी के चलते 80 साल की उम्र में निधन हो गया। लंबी बीमारी के कारण 8 दिसंबर की सुबह उनका निधन हो गया। एक्टर ने अब इंस्टाग्राम पर दिल चीर देने वाली एक पोस्ट कर अपना दर्द बयान किया है। मां गीता देवी का नहीं होना एक्टर के लिए एक गहरा सदमा है। उन्होंने अपने लंबे-चौड़े पोस्ट में मां को सम्मान भरी श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें 'आयरन लेडी' बताया है।
मनोज बाजपेयी ने अपने पोस्ट में लिखा है, 'मेरी मां, मेरी आयरन लेडी को मेरी श्रद्धांजलि। मैं उन्हें इसी नाम से बुलाता था। वह छह बच्चों की मां थीं और किसान की पत्नी थी। उन्होंने हमेशा अपने परिवार को हर तरह के बुरे साए और इस मतलबी दुनिया से बचाकर रखा। उन्होंने हमेशा अपने परिवार और बच्चों को आगे रखा। खुद की इच्छाओं और जरूरतों को हमेशा दरकिनार किया और पति का पूरा साथ दिया। काश में वक्त के पहिए को पीछे घुमाकर अपनी मां को सशक्त बनते देख पाता।'














