शख्स ने लगाया CID दिमाग, फोटो देख रिफ्लेक्शन से ढूंढा लड़की को, करा घिनौना काम

अक्सर देखा जाता है कि कई लोग अपने दिनभर की हर हरकत सोशल मीडिया पर फोटो की मदद से शेयर करते नजर आते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं की आपकी यह फोटो आपकी प्राइवेसी को समाप्त कर आपके लिए खतरा बन सकती हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला जापान में। यहां एक व्यक्ति जापान की एक महिला पॉप सिंगर के जुनून में आकर उसका पीछा करता है और हमला कर देता है लेकिन बात यहां खत्म नहीं होती। खास बात है इस जुनून की शुरुआत। जापान में रहने वाले 26 वर्षीय हिबिकी सैतो का दिल महिला पॉप सिंगर 21 वर्षीय एना मात्सुका पर आ गया और यह एक जुनून में बदल गया।

एना सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें पोस्ट करती हैं और इन्हीं तस्वीरों को देखकर हिबीकी का जुनून परवान चढ़ा लेकिन उसे यह नहीं पता था कि एना कहां रहती हैं और इसका पता लगाने के लिए भी उसने एना की तस्वीरों का ही इस्तेमाल किया। हिबिकी एना की तस्वीरों को जूम करके उसकी आंखों की पुतलियों में रिफ्लेक्शन जांचता था। जहां भी एना तस्वीर खींचती थीं, उस जगह का प्रतिबिंब उनकी आंखों में आ जाता था। रिफ्लेक्शन देखकर हिबिकी ने इस बात का अंदाजा लगा लिया कि एना कहां रहती हैं। इसके बाद उसने गूगल स्ट्रीट व्यू से उस इलाके के घरों को देखना शुरू किया। तस्वीरों में एना के चेहरे पर पड़ने वाली सूरज की रोशनी के एंगल से हिबिकी ने एना के घर की खिड़की का भी पता लगा लिया।

इतना सब पता होने के बाद हिबिकी एना के घर की बिल्डिंग के नीचे घंटों खड़ा रहने लगा। एक दिन जब एना एक कॉन्सर्ट से घर लौट रही थी तभी बस स्टॉप के पास हिबिकी ने एना को देख लिया और घर तक उसका पीछा किया। सुनसान इलाका देखकर उसने एना पर हमला बोल दिया और एना के चेहरे को तौलिए से ढंक दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसने एना को जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश भी की। लेकिन खुशकिस्मती से एना वहां से भागने में सफल रहीं। लेकिन इस घटना ने उन्हें बहुत डरा दिया एना को काफी चोटें भी आईं।

एना ने इस मामले की शिकायत पुलिस को की और तत्काल हरकत में आई पुलिस ने 16 दिन बाद हिबिकी को गिरफ्तार कर लिया। हिबिकी ने कबूल किया कि वह एना को लेकर जुनूनी है। हिबकी ने यह भी बताया कि आंखों का रिफ्लेक्शन देखकर उसने एना के घर का पता लगाया। यह घटना अब जापान में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक स्थानीय अखबार ने अपने यूजर्स को इस बात के लिए आगाह भी किया है कि तस्वीर लेते समय वह ध्यान रखें कि चश्में और आंखों में कितना रिफ्लेक्शन आ रहा है। इसके अलावा अखबार ने यूजर्स को सोशल मीडिया पर हाई रेजोल्यूशन की तस्वीरें पोस्ट ना करने की सलाह दी है।