यह तो कमाल हो गया! 30 साल से जमे भ्रूण से पैदा हुए जुड़वा बच्‍चे, साथ ही टूटा ये रिकॉर्ड भी

मे‍डिकल साइंस का एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। एक दंपत्ति 30 साल पहले जमे हुए भ्रूण से पैदा हुए जुड़वा बच्‍चों के माता-पिता बने हैं। ये दंपत्ति दुनिया के सबसे पुराने बच्‍चों के माता पिता बने हैं। इतने लंबे वक्त तक किसी भ्रूण को जमा कर रखना और फिर उससे सफलतापूर्वक बच्चों के जन्म का यह एक नया रिकॉर्ड है। ये मामला अमेरिका के ओरेगॉन का है। भ्रूण को 22 अप्रैल 1992 को करीब 128 डिग्री सेंटीग्रेड यानी 200 फैरनहाइट पर लिक्विड नाइट्रोजन में रखा गया था। इन ओरेगन जुडवां बच्‍चों ने इससे पहले 2020 में 27 वर्षों से जमा हुए भ्रूण से पैदा हुए बच्‍चों का भी रिकार्ड तोड़ दिया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड 2020 में पैदा हुए मौली गिब्सन के नाम था जिसका भ्रूण पूरे 27 सालों तक जमा था।

BBC की एक रिपोर्ट के अनुसार चार बच्चों की मां रेशेल रिजवे ने 31 अक्टूबर को जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। इनके पिता फिलिप रिजवे इस खबर से खासे उत्साहित थे। उन्होंने इसे ‘माइंड ब्लोइंग’ कहा। बेबी गर्ल लिडिया का जन्म 5 पाउंड, 11 औंस, (2.5 किग्रा) में हुआ वहीं बेबी बॉय टिमोथी का जन्म 6 पाउंड, 7 औंस (2.92 किग्रा) में हुआ। 30 साल पहले एक गुमनाम दाता दंपति का ये भ्रूण है। जिन्होंने इन विट्रो फर्टिलाइजेशन का इस्तेमाल किया था और भ्रूण दान किया था।

गौरतलब है कि अमेरिका के रिडवे दंपत्ति जिनके इन जमे हुए भ्रूणों के कारण लिडिया और टिमोथी का जन्म हुआ उनके पहले से ही 4 बच्‍चे हैं। जिनकी उम्र 8, 6, 3 और 2 साल है। रिडवे ने दान किए गए भ्रूणों का उपयोग करके और बच्चे पैदा करने का फैसला किया। ये जोड़ा जब अपने लिए भ्रूण की तलाश कर रहा था तब उन्‍होंने इस भ्रूण को विशेष विचार नाम की कैटेगरी में देखा इसका मतलब था ऐसा भ्रूण जिसके लिए प्राप्तकर्ता नहीं मिल रहे, यानी भ्रूण को लेने वालों का ढूढ़ना मुश्किल हो गया था।