1700 साल पुरानी इस चीज ने वैज्ञानिकों को भी कर दिया हैरान, जानें पूरा माजरा

देश-दुनिया में कई जगहों पर पुरातत्व विभाग द्वारा खुदाई से मिले सामनों की जांच की जाती हैं जो कि कई साल पुरानी होती हैं। ऐसे में कभीकभार ऐसी चीज हाथ लग जाती हैं जो अपनी रोचकता के चलते सभी को हैरान कर देती हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला यूरोप महाद्वीप में स्थित देश नॉर्वे में जहाँ वैज्ञानिकों के हाथ 1700 साल रोमन काल का एक बोर्ड गेम हाथ लगा है जिसने वैज्ञानिकों को हैरानी में डाल दिया हैं। इसके अलावा वहां हड्डी से बना पासा और 18 गोलाकार टुकड़े भी मिले हैं। पूरा खेल सेट के साथ, शोधकर्ताओं को खुदाई वाली जगह से मिट्टी के बर्तनों, हड्डी के टुकड़े, कांसे से बनी चीजें और जले हुए ग्लास भी मिले हैं।

लुडस लैट्रुनकुलम नामक इस खेल में एक लंबा पासा सहित कुल 19 टुकड़े होते हैं। इसमें दो खिलाड़ी होते हैं। प्रत्येक खिलाड़ी के पास समान संख्या में टुकड़े होते हैं, जो उनके प्रतिद्वंद्वी से अलग रंग का होता है। इस खेल के कुछ संस्करणों में, प्रत्येक खिलाड़ी के पास एक 'डक्स' भी होता है, जो विशेष शक्तियों के साथ एक विशेष टुकड़ा होता है। यह खेल बिल्कुल आज के कैरमबोर्ड की तरह ही होता था।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह बोर्ड गेम जिस जगह से मिला है, वहां पहले कब्रिस्तान था। इस बोर्ड गेम की खोज बर्गन विश्वविद्यालय संग्रहालय के शोधकर्ताओं ने की है। दरअसल, शोधकर्ताओं की एक टीम पश्चिमी नॉर्वे के येट्रे फॉसे में लौह युग के अवशेषों की खुदाई कर रही थी, तभी उन्हें यह बोर्ड गेम मिला। शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस तरह के खेल खेलने वाले लोग स्थानीय अभिजात वर्ग या उच्च वर्ग के थे। इस खेल से यह स्पष्ट होता है कि लोगों के पास रणनीतिक रूप से सोचने का समय और क्षमता थी। बताया जा रहा है कि बोर्ड गेम का पासा एक बहुत ही दुर्लभ प्रकार का है। इस तरह के पासों का इस्तेमाल एक ईस्वी से 400 ईस्वी के बीच होता था।