स्मार्टफोन यूजर्स के लिए बैटरी चार्जिंग हमेशा एक बड़ी चिंता रही है। भले ही आजकल कई डिवाइसेज में फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिल रहा हो, लेकिन फिर भी फोन को पूरी तरह चार्ज होने में अच्छा-खासा समय लग जाता है। अब इस समस्या का समाधान करने के लिए गूगल एक नया और दमदार फीचर लाने की तैयारी में है। खबर है कि कंपनी जल्द ही एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक खास Android Turbo Charging Mode पेश कर सकती है, जिसकी मदद से फोन महज 15 से 20 मिनट में फुल चार्ज हो सकेगा। माना जा रहा है कि यह फीचर Android 17 अपडेट के साथ लॉन्च किया जाएगा, जिससे यूजर्स को लंबे इंतजार से छुटकारा मिल सकता है।
कैसे काम करेगा Android Turbo Charging Mode?रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नए फीचर को ‘Priority Charging’ नाम से भी पेश किया जा सकता है। इस मोड को एक्टिव करने पर फोन का पूरा सिस्टम बैटरी चार्जिंग पर केंद्रित हो जाएगा। यानी बैकग्राउंड में चलने वाली सभी ऐप्स, अपडेट्स और अन्य प्रोसेसेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा पावर सीधे बैटरी को मिले। इससे चार्जिंग स्पीड में जबरदस्त इजाफा होगा और कम समय में बैटरी फुल हो सकेगी। इसके अलावा यह सिस्टम बैटरी के तापमान को भी कंट्रोल में रखेगा, जिससे ओवरहीटिंग की समस्या नहीं होगी और चार्जिंग प्रक्रिया सुरक्षित बनी रहेगी।
इस फीचर के लिए क्या होगा जरूरी?
Android Turbo Charging Mode का पूरा फायदा उठाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी होंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूजर के पास कम से कम 30 वॉट का चार्जर होना चाहिए, क्योंकि इससे कम पावर वाला चार्जर इतनी तेज चार्जिंग के लिए पर्याप्त ऊर्जा नहीं दे पाएगा। यह फीचर मौजूदा क्विक चार्ज तकनीक से अलग होगा, क्योंकि इसमें सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों का संयुक्त उपयोग किया जाएगा। खास बात यह है कि इतनी तेज चार्जिंग के बावजूद बैटरी की सेहत पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।
कब तक आ सकता है यह फीचर?
फिलहाल गूगल ने इस फीचर की आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा नहीं की है। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि इसे Android 17 के फाइनल वर्जन के साथ पेश किया जा सकता है। अभी यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और बीटा टेस्टिंग के लिए भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम यूजर्स तक पहुंचने में इसे थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन जब भी यह फीचर आएगा, स्मार्टफोन चार्जिंग का अनुभव पूरी तरह बदल सकता है।