मीरजापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। थाना परिसर से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर बाजार इलाके में सो रहे मां-बेटे की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने महिला का शव बरामद कर लिया है, जबकि बेटे की तलाश अब भी जारी है। शुरुआती जांच में इस जघन्य अपराध के पीछे भूमि विवाद को मुख्य वजह माना जा रहा है।
नींद में हमला, धारदार हथियार से उतारा मौत के घाटजानकारी के मुताबिक, बाजार निवासी स्वर्गीय प्रेमचंद गुप्त के 32 वर्षीय पुत्र आयुष गुप्त और उनकी 62 वर्षीय मां उषा गुप्ता सोमवार रात अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। आधी रात के बाद अज्ञात हमलावरों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शवों को उठाया और घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित नहर में फेंक दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
सुबह करीब चार बजे नहर के पास और सड़क पर फैले खून के निशान देखकर स्थानीय लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। बाजारवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नहर की तलाशी ली, जहां पानी में उषा गुप्ता का शव बरामद हुआ। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि आयुष गुप्त का शव अब तक नहीं मिला है। उसकी खोजबीन के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
दो शादियों से उपजा संपत्ति विवादथाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि मृतक आयुष गुप्त के पिता प्रेमचंद गुप्त ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से उन्हें एक बेटा राहुल और एक बेटी गुंजा है, जबकि दूसरी पत्नी उषा गुप्ता से दो बेटियां और एक बेटा आयुष था। प्रेमचंद की मृत्यु के बाद दोनों परिवारों के बीच संपत्ति और जमीन को लेकर विवाद गहराता चला गया।
यह विवाद कई बार मारपीट तक पहुंच चुका था और मामला तहसील स्तर तक भी गया था। प्रेमचंद की बिल्डिंग मटेरियल की एक दुकान थी, जिसे वर्तमान में आयुष गुप्त संचालित कर रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी पारिवारिक और संपत्ति विवाद ने इस खौफनाक घटना का रूप लिया।
एक आरोपी हिरासत में, फॉरेंसिक जांच जारीपुलिस ने संदेह के आधार पर प्रेमचंद की पहली पत्नी के बेटे राहुल गुप्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, फॉरेंसिक टीम प्रभारी विनय कुमार राय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।