यूपी के देवरिया में घर में घुसकर पुरोहित की नृशंस हत्या, कमरे में खून से सनी मिली लाश

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। बरहज थाना क्षेत्र के धौला पंडित गांव में एक बुजुर्ग पुरोहित रामाशीष पांडेय की उनके ही घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उनका खून से लथपथ शव कमरे में पड़ा मिला। यह दृश्य इतना भयानक था कि देखने वालों की रूह कांप उठी। गांव के लोग रामाशीष पांडेय को एक शांत, धार्मिक और विनम्र इंसान के रूप में जानते थे। वर्षों से वे अपने घर में अकेले रह रहे थे, क्योंकि उनका इकलौता बेटा पश्चिम बंगाल में नौकरी कर रहा है। गांव में वे हमेशा पूजा-पाठ में लगे रहते थे और किसी से कोई रंजिश भी नहीं थी, लेकिन बीती रात उनकी ज़िंदगी को ऐसे क्रूर अंत मिलेगा, किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

खून से सना कमरा, शरीर पर गहरे चाकुओं के निशान

मंगलवार सुबह जब वे बाहर नहीं दिखे तो पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर जब अंदर देखा गया, तो जो नज़ारा सामने था, उसने सबको हिला दिया। रामाशीष पांडेय खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे। उनके शरीर पर कई जगह चाकुओं से गहरे वार किए गए थे और कमरे की दीवारों व फर्श पर खून के छींटे साफ नजर आ रहे थे। कमरे का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले लूटपाट की कोशिश की गई या फिर लूट का भ्रम फैलाने के लिए सामान बिखेर दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी, मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सुनील कुमार सिंह, सीओ अंशुमन श्रीवास्तव सहित पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस अब हर उस सुराग को खंगाल रही है जो इस वारदात के पीछे का सच सामने ला सके। घटनास्थल से मिले संकेतों के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है।

लूट या रंजिश? कई पहलुओं पर पुलिस की नजर

फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है लेकिन प्राथमिक जांच में यह सामने आ रहा है कि यह हत्या पूरी योजना के साथ की गई है। हो सकता है किसी पुराने विवाद, रंजिश या निजी दुश्मनी के चलते यह हमला किया गया हो, या फिर मकसद सिर्फ लूट ही रहा हो। बिखरे सामान और चाकुओं से गोदने की क्रूरता को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हमलावर न सिर्फ निर्दयी था, बल्कि उसका इरादा हत्या ही था।