बिजली संकट पर अखिलेश यादव का हमला- 'सरकार बदलेगी तभी आएगी रोशनी'

उत्तर प्रदेश की चरमराई बिजली व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मौजूदा योगी सरकार पर तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने कन्नौज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, आपको भी मालूम है कि इनके मंत्री क्या कह रहे हैं? अगर बिजली नहीं आए तो मंदिर जाकर घंटा बजाओ। इनकी सरकार जब जाएगी, तब जाकर रोशनी आएगी।

कन्नौज के विकास पर भाजपा को घेरा

कन्नौज दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर विकास को पीछे धकेलने का आरोप लगाते हुए कहा, भविष्य में कन्नौज में बड़े स्तर पर विकास होगा। लेकिन बीते 9 वर्षों में भाजपा ने यहां के विकास को पूरी तरह ठप कर दिया है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि मौजूदा सरकार में आम जनता की कोई सुनवाई नहीं होती, यहां तक कि उनके अपने कार्यकर्ताओं को भी न्याय नहीं मिल रहा।

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और कैमरों से डर

अखिलेश यादव ने भाजपा पर मतदाता सूची में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए कहा, इन भाजपा वालों को कैमरों से, सीसीटीवी से बड़ा डर लगता है। वोटर लिस्ट में ये पहले भी गड़बड़ी करते रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो राज्य में और भी बेहतरीन स्कूलों की स्थापना की जाएगी।

बीजेपी सरकार हर मोर्चे पर फेल

पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा, पिछले 10 साल में जनता को समझ में आ गया है कि भाजपा सरकार न तो धर्मनिरपेक्षता के अनुकूल है, न लोकतंत्र के, न समाजवाद के, न बिजली के और न ही बच्चों के भविष्य के लिए। इसलिए यह सरकार हर मायने में असफल साबित हुई है।

संतों से की राजनीति से दूरी बनाने की अपील

कथावाचक अनिरुद्धाचार्य को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने संतों को राजनीति से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, मैं सभी संतों और महात्माओं से आग्रह करता हूं कि वे राजनीति से खुद को अलग रखें। एक मनु महाराज आए थे, जिन्होंने सब गड़बड़ कर दी थी। अगर संत उसी गड़बड़ी को दोहराते हैं, तो हम उन्हें कभी स्वीकार नहीं कर सकते। लेकिन अगर वो उस गड़बड़ी को सुधारते हैं, तभी वे हमारे लिए पूज्य और महान होंगे।