उदयपुर जिले में रविवार सुबह गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। मजदूरी के लिए उदयपुर जा रहा बाइक सवार दंपती तेज रफ्तार से आती एक अज्ञात गाड़ी की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी
गोगुंदा थाने के एएसआई नंदलाल नागदा के अनुसार, हादसा कला आश्रम के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर 108 एंबुलेंस से गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया। वहीं, दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक को थाने ले जाकर जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर नाकाबंदी कर दी है। मृतकों की पहचान मोरवल क्षेत्र के हाथीया तलाई निवासी पेमा गमेती और उनकी पत्नी भुरकी बाई के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लगातार हादसों से दहशत में लोग
गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर हादसों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। बीते चार दिनों में इसी मार्ग पर चार लोगों की जान जा चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों की कमी हादसों का बड़ा कारण है। बार-बार जानलेवा दुर्घटनाओं के बावजूद संबंधित विभाग अब तक ठोस सुरक्षा कदम उठाने में नाकाम रहे हैं।
यह हाईवे अब हादसों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग प्रशासन से जल्द से जल्द पुख्ता सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं पर रोक लग सके।